होने वाली थी शादी.. आने वाली थी बारात, छापे ने रुकवा दिए सात फेरे

होने वाली थी शादी.. आने वाली थी बारात, छापे ने रुकवा दिए सात फेरे

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News

रायगढ़।26 मार्च 2026 जिले में एक रोचक और चौंकाने वाली खबर सामने आयी है। रायगढ़ के शहरी इलाके में एक बालिका की शादी रचाई जा रही थी। प्रशासन को इसकी सूचना मिली तो जिला प्रशसन और पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू की। महिला बाल विकास विभाग के अमले ने बिना देर किए संयुक्त टीम के साथ शादी घर में छापा मार दिया।

जांच टीम पहुंची तो वहां पर शादी की तैयारी पूरी हो चुकी थी। बारात प्रस्थान कर बालिका के घर आने वाली थी। टीम के सदस्यों ने इसमें दखल देकर परिजनों से बालिका की आयु संबंधी दस्तावेज की मांग की। दसतावेज सामने आया तो सभी चौंक गए। जिस बालिका की शादी की जा रही थी, उसकी उम्र केवल 16 साल पांच माह और 13 दिन पायी गई। इतनी कम उम्र में शादी और वह भी रायगढ़ के शहरी इलाके में, यह देख कर जांच टीम के सभी सदस्य हैरत में पड़ गए। जबकि शादी के लिए कन्या की उम्र कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए। इसी तरह वर की उम्र 21 वर्ष निर्धारित है। जांच टीम के सदस्यों ने बालिका के परिजनों से बातचीत शुरू की और यह भी बता दिया कि यह विवाह कानूनन अपराध है। टीम ने बालिका के परिजनों को समय से पहले विवाह के नुकसान के बारे में विस्तार से बताया। इसके बाद शादी रोक दी गई। फिर परिजनों से लिखित में घोषणापत्र लिया गया, जिसमें कहा गया है कि बालिका का 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद ही विवाह कराया जाएगा।

इस नंबर पर दें सूचना

प्रशासन ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि कम उम्र की बालिकाओं का विवाह रोकने में सरकार की मदद करें। अभी कई ग्राम पंचायतों में जागरुकता अभियान चला कर बाल विवाह मुक्त पंचायत की घोषणा के लिए ग्रामीणों को तैयार किया जा रहा है। प्रशासन ने कहीं भी बाल विवाह जैसी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 या नजदीकी प्रशासनिक कार्यालय को सूचित करने कहा है।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *