रायपुर में दो सालियों की हत्या करने के बाद का CCTV वीडियो आया सामने, गन लेकर मेडिकल स्टोर पहुंचा था आरोपी, करने लगा फायरिंग

Raipur: रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर के मोवा-पंडरी क्षेत्र में आरोपी जितेंद्र वर्मा ने अपनी दो सालियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी ने जमकर उत्पात मचाया था। दोनों सालियों पर फायरिंग करने के बाद आरोपी मेडिकल स्टोर में गन लेकर घुसा था। इस दौरान आरोपी ने मेडिकल स्टोर के एक ग्राहक से बाइक की चाबी मांगी। चाबी नहीं देने पर उसने मेडिकल स्टोर में फायरिंग भी की थी। हालांकि गोली वहां मौजूद किसी को भी नहीं लगी।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी मेडिकल स्टोर के अन्दर पिस्टल लेकर घुसते और फायरिंग करते दिख रहा है। फायरिंग के दौरान दुकान में मौजूद कर्मचारी और ग्राहक इधर उधर जान बचाकर भागते भी दिख रहे है। देखें नीचे वीडियो…
जानिए पूरी घटना
दरअसल, सावित्री वर्मा की बेटी ज्योति वर्मा उर्फ खिलेश्वरी का विवाह 2020 में जितेन्द्र कुमार वर्मा निवासी मोवा से सामाजिक रीति-रिवाज के साथ हुआ था। दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके कारण ज्योति वर्मा पिछले 20-25 दिनों से अपनी मां के साथ पंडरी में रह रही थी। दोनों की डेढ़ वर्ष की बेटी भी है।
5 मई की रात 10ः30 बजे जितेन्द्र वर्मा अपने ससुराल पहुंचा और पत्नी व बच्ची से मिलने की जिद्द करने लगा। घर में मौजूद सालियों ने बहन और बच्ची के घर में नहीं होने की बात कहते हुए जीजा को वहां से जाने को कहा। इसके बाद आरोपी जीतेन्द्र वर्मा अपनी बच्ची से वीडियो कॉल पर बात कराने को कहा। सास और साली गीतांजली ने जीतेन्द्र को सुबह आने पर बात कराने की बात कही।
इस बात से जितेन्द्र भड़क उठा और अपने पैंट के जेब से बंदूक निकालकर बुलेट को जमीन पर बिखेर दिया। इतना ही नहीं जान से मारने की धमकी देते हुए फायर कर दिया। गोली लगते ही गीताजंली जमीन पर गिर गई और उसके शरीर से खून बहाने लगा।
बेटी को गोली लगते ही सास वहां से बाहर भागी और पड़ोसी किरायेदार को आवाज लगाने लगी। आवाज को सुनकर उसकी छोटी बेटी दुर्गेश्वरी जो छत में थी वो नीचे आई। दरवाजा के पास जैसे ही पहुंची तो आरोपी ने उसे भी गोली मार दी। दुर्गेश्वरी भी खून से लथपथ दरवाजे के पास गिर गई।
दोनों बेटियों को गोली लगाने के बाद सास जोर-जोर से बचाओ बचाओ चिल्लाने लगी। आसपास के लोग आवाज सुनकर मौके पर इकट्ठा हुए, जिन्हें देखकर जितेन्द्र भाग निकला।
पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दोनों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान गीतांजली वर्मा, दुर्गेश्वरी वर्मा की मौत हो गई। पीडिता सास की रिपोर्ट पर आरोपी जितेन्द्र वर्मा के विरूद्ध थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 119/26 धारा 109 बीएनएस एवं 25 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया तथा एमएलसी सूचना के आधार पर प्रकरण में धारा 103 बीएनएस जोडी गयी।
घटना की सूचना पर पंडरी पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम द्वारा घटना एवं आरोपी के संबंध में संबंधित व्यक्तियों से जानकारी प्राप्त कर पूछताछ की गई। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लायसेंसी पिस्टल व जिंदा कारतूस जब्त किया गया था।

