ब्रेकिंगः एक और SP को नोटिसः दशहरा में शस्त्र पूजा के बाद बेटे ने रायफल से की फायरिंग! पुलिस मुख्यालय ने थमाई नोटिस

रायपुर। 30 अक्टूबर 2026| राजनांदगांव की एसपी अंकिता शर्मा के बाद पुलिस मुख्यालय ने मोहला-मानपुर के एसपी वायपी सिंह को नोटिस जारी किया है। वायपी सिंह का दशहरा के दिन शस्त्र पूजा के बाद बेटे के साथ सरकारी रायफल से फायरिंग करते फोटो और वीडियो वायरल हुआ था। छत्तीसगढ़ में सप्ताह भर के भीतर पीएचक्यू द्वारा नोटिस जारी किए जाने का यह दूसरा मामला होगा। इससे पहले राजनांदगांव की एसपी अंकिता शर्मा ने शस्त्र पूजन के बाद एके-47 से लाइव फायरिंग की थी। उसका वीडियो देश भर में चर्चा का विषय बना था। एक रिटायर लेफ्टिनेंट जनरल ने उसे बेहद खतरनाक बताते हुए आपत्ति की थी। इसके बाद पीएचक्यू ने उन्हें नोटिस जारी की।
उधर, राजनांदगांव से अलग होकर बने नए जिला मानपुर-मोहला के पुलिस कप्तान और उनके परिवार द्वारा किया गया शस्त्र पूजा और फायरिंग की फोटो और वीडियो में गंभीर यह है कि एसपी के बेटे केे हाथ में बंदूक है, पिता के साथ वे भी फायरिंग करते दिखाई पड़ रहे हैं। हालांकि, पुलिस महकमे के ही एक वर्ग का कहना है, यह बेटे की फायरिंग वाला वीडियो पिछले साल का है। मगर बेटा सरकारी बंदूक चलाए, इसे भी गंभीर माना जा रहा।
मोहला-मानपुर के विधायक ने इसको लेकर प्रेस कांफ्रेंस लेकर एसपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की तो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी ट्वीट कर तंज कसा कि छत्तीसगढ़ पुलिस में ये क्या हो रहा…पिता-पुत्र सरकारी रायफल चला रहे हैं। इसके बाद पुलिस मुख्यालय ने मोहला-मानपुर के पुलिस अधीक्षक वायपी सिंह को नोटिस जारी किया है। पीएचक्यू के एक सीनियर अफसर ने नोटिस की पुष्टि करते हुए कहा कि जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, पुलिस मुख्यालय ने इस बार ये सतर्कता जरूर बरती कि नोटिस के बाद राजनांदगांव के आईजी से मीडिया को बाइट नहीं दिलचाया। अंकिता शर्मा को नोटिस देने के बाद आईजी के बयान पर सोशल मीडिया में काफी बवाल मच गया था।
कौन हैं वायपी सिंह
वायपी सिंह बीएसएफ के अफसर थे। नक्सल मूवमेंट जब चरम पर था, तब बीएसएफ की एक बटालियन राजनांदगांव में तैनात थी। उस दौरान बीएसएफ ने उन्हें राजनांदगांव भेजा था। कुछ सालों बाद राज्य सरकार ने उनकी सर्विस को बीएसएफ से लेते हुए राज्य पुलिस सेवा में मर्ज कर दिया था। चूकि वे राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी बन गए थे, उन्हें स्टेट पुलिस का बैच मिल गया था, इसलिए उन्हें आईपीएस भी अवार्ड हो गया। आईपीएस बनने से पहले वे लंबे समय मोहला-मानपुर में पोस्टेड रहे और अब वहीं एसपी भी हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया था ट्वीट
देखें वीडियो
एसपी अंकिता शर्मा का वीडियो भी हुआ था वायरल

