निर्माण कार्यों में भारी भ्रष्टाचार! कलेक्टर ने अफसरों से मांगा जवाब, तकनीकी सहायक को किया बर्खास्त..

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News
सरगुजा। 31 अक्टूबर 2026| चेकडेम के निर्माण में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आने के बाद बलरामपुर की कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने तकनीकी सहायक को बर्खास्त कर दिया है। जनपद पंचायत के सीईओ व पीओ के अलावा आरईएस के ईई व एसडीओ को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया है।
निर्माण कार्य में भारी गड़बड़ी सामने आने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर जनपद पंचायत राजपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय दुबे तथा कार्यक्रम अधिकारी मानसाय सिदार, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग बलरामपुर के कार्यपालन अभियंता सच्चिदानंद कांत, उप संभाग राजपुर के अनुविभागीय अधिकारी जानूराम सोनवानी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर एक तकनीकी सहायक की संविदा सेवा समाप्त कर दी गई है।
तकनीकी सहायक की सेवा समाप्त करने के साथ ही 9.13 लाख रुपये की वसूली तथा संबंधित 17 कार्यों का भुगतान रोकने का फरमान जारी कर दिया है।
छत्तीसगढ़ बलरामपुर जिले में चेकडेम निर्माण की गुणवत्ता को लेकर कलेक्टर को लगातार शिकायतें मिल रही थी। कलेक्टर ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए राज्य कार्यालय के निर्देश पर मुख्य तकनीकी परीक्षक (सतर्कता) से 17 चेकडेम कार्यों की जांच कराई गई।
जांच प्रतिवेदन के अनुसार कुछ कार्यों में कंक्रीट की गुणवत्ता तथा उप-संरचनाओं के निर्माण में तकनीकी खामियां मिली थी। जांच टीम न अपनी रिपोर्ट में कंक्रीट की सतह पर प्लास्टर किए जाने का खासतौर पर जानकारी दी है। जांच में कार्यों का अधिक मूल्यांकन पाया गया। जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर तकनीकी सहायक रोहित कुमार, अविनाश भारती एवं कृपाशंकर गुप्ता से 9.13 लाख रुपये की वसूली करने का फरमान जारी किया है।
अनियमितता के आधार पर जनपद पंचायत राजपुर में पदस्थ तकनीकी सहायक रोहित कुमार की संविदा सेवा समाप्त कर दी गई है। जांच के दायरे में आए सभी 17 चेकडेम कार्यों का भुगतान रोक दिया गया है। इनमें 12 कार्य ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग बलरामपुर तथा पांच कार्य जनपद पंचायत राजपुर के हैं।
दो तकनीकी सहायकों पर ठोका जुर्माना
तकनीकी सहायक अविनाश भारती एवं कृपाशंकर गुप्ता पर महात्मा गांधी नरेगा अधिनियम 2005 की धारा 25 के तहत एक-एक हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। दोनों को नोटिस जारी कर अंतिम चेतावनी दी गई है।
जनप पंचायत के सीईओ, पीओ, आरईएस के दो अफसरों को कारण बताओ नोटिस
ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग बलरामपुर के कार्यपालन अभियंता सच्चिदानंद कांत और उप संभाग राजपुर के अनुविभागीय अधिकारी जानूराम सोनवानी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। जनपद पंचायत राजपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय दुबे तथा कार्यक्रम अधिकारी मानसाय सिदार से भी जवाब तलब किया गया है।
कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने ये कहा
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ आशुतोष चतुर्वेदी ने साफ कहा है, जिले में किसी भी योजना या मद से होने वाले निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन किया जाना अनिवार्य शर्त में शामिल है। विकास कार्यों की नियमित निगरानी होगी और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। गुणवत्ता में कमी या अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन की प्राथमिकता केवल निर्माण पूरा कराना नहीं, बल्कि ऐसी टिकाऊ परिसंपत्तियाँ तैयार करना है जिनका लाभ ग्रामीणों को लंबे समय तक मिले।

