रूह कंपा देगा VIDEO: सूंड में उठाकर दौड़ा, फिर पटककर रौंदने लगा भड़का हाथी; बाल-बाल बचा युवक!

रूह कंपा देगा VIDEO: सूंड में उठाकर दौड़ा, फिर पटककर रौंदने लगा भड़का हाथी; बाल-बाल बचा युवक!

सरगुजा। 24 नवंबर 2026| छत्तीसगढ़ के सरगुजा और कोरबा जिलों में सोमवार को हाथियों की मौजूदगी और उनके हमलों की दो भयावह घटनाओं ने ग्रामीणों के बीच दहशत फैला दी। एक ओर जहां सरगुजा के टीरंग गांव में फसल बचाने की कोशिश कर रहे एक युवक पर नर हाथी ने हमला कर दिया, वहीं दूसरी ओर कोरबा के जिल्गा गांव में हाथियों को खदेड़ने पहुंचे लोगों के बीच एक हाथी ने ट्रैक्टर को सूंड से उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर तोड़ डाला। दोनों ही घटनाओं के वीडियो सामने आए हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

सरगुजा के टीरंग में ग्रामीण पर हमला

जशपुर वन परिक्षेत्र से तीन हाथियों का दल सरगुजा वन क्षेत्र में दाखिल हुआ, जिनमें एक नर, एक मादा और एक बच्चा शामिल है। सोमवार को यह दल सरगुजा के टीरंग गांव पहुंचा, इनमें से दो हाथी लुंड्रा की ओर चले गए। टीरंग में ग्रामीण अपनी फसलों को बचाने के लिए हाथियों को खदेड़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान नर हाथी ने युवक जागेश्वर उर्फ मंत्री पर हमला बोल दिया। हमले में युवक घायल हो गया, हालांकि वह किसी तरह बाल-बाल बच गया। उसे प्राथमिक उपचार के लिए बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बाद में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।

भयावह वीडियो, पलक झपकते युवक पर बोला हमला

जिस वक्त हाथी ने युवक पर हमला बोला, ग्रामीणों में से किसी ने मोबाइल पर उसका वीडियो बना लिया। यही वीडियो अब सोशल मीडिया में तेजी के साथ वायरल हो रहा है। वीडियो देखने में ही डरावना लग रहा है। झाड़ियों के ओट से हाथी दौड़ते हुए खेत में पहुंचता है और युवक को पलक झपकते सूंड के जरिए उठा लेता है, कुछ दूर दौड़ता है और फिर युवक को जमीन पर पटककर रौंदते हुए वापस झाड़ियों की ओर भागते दिखाई दे रहा है।

कोरबा के जिल्गा में हाथी ने ट्रैक्टर तोड़ा

छत्तीसगढ़ कोरबा जिले के कुदमुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत जिल्गा गांव में धरमजयगढ़ की सीमा पार कर 11 हाथियों का झुंड जंगल में पहुंच गया। आबादी क्षेत्र में हाथियों के आने और धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका से ग्रामीण उन्हें जंगल की ओर खदेड़ने में जुटे थे। सोमवार सुबह ग्रामीण सुखनंदन सिंह राठिया के ट्रैक्टर पर सवार होकर जंगल पहुंचे और ट्रैक्टर की आवाज से हाथियों को भगाने की कोशिश करने लगे।

ट्रैक्टर छोड़कर भागे ग्रामीण, वीडियो वायरल

ट्रैक्टर की आवाज सुनते ही झाड़ियों से एक हाथी निकला और तेजी से ट्रैक्टर की ओर दौड़ पड़ा। हाथी को अपनी ओर आते देख ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में जान बचाकर भाग निकले। इसके बाद गुस्साए हाथी ने सूंड से ट्रैक्टर को उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। बाद में ग्रामीणों ने ट्रैक्टर मालिक को सूचना दी और दूसरे किसान के ट्रैक्टर की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर को खींचकर गांव लाया गया। घटना का वीडियो कुछ ग्रामीणों ने मोबाइल में कैद कर लिया, जो वायरल हो रहा है।

वन विभाग की निगरानी और अपील

वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग की टीम देर शाम जिल्गा के जंगल में पहुंची। विभाग के अनुसार, जिल्गा के अलावा कुदमुरा के जंगल में एक अन्य हाथी घूम रहा है, जबकि करतला वन परिक्षेत्र में छह हाथियों का झुंड मौजूद है। वन विभाग हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है और ग्रामीणों से मुनादी कर जंगल की ओर न जाने तथा हाथियों को खुद खदेड़ने की कोशिश न करने की अपील कर रहा है।

देखें वीडियो 



admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *