मास्टर प्लान पर बड़ा अपडेट: रायपुर के मास्टर प्लान में 11 सड़कों को खत्म, 23 की चौड़ाई कम करने समेत हुआ था कई खेला, जांच कमेटी ने ये की अनुशंसा…

मास्टर प्लान पर बड़ा अपडेट: रायपुर के मास्टर प्लान में 11 सड़कों को खत्म, 23 की चौड़ाई कम करने समेत हुआ था कई खेला, जांच कमेटी ने ये की अनुशंसा…

रायपुर। 23 नवंबर 2026| शहर के सुनियोजित विकास, सुगम यातायात और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य शासन ने रायपुर मास्टर प्लान (पुनर्विलोकित) 2031 के सड़क संबंधी प्रावधानों में संशोधन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस प्रस्ताव पर आम नागरिकों, भू-स्वामियों और हितधारकों से 15 दिनों के भीतर दावा-आपत्ति एवं सुझाव आमंत्रित किए गए हैं।

बता दें, राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी को इस संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वित्त मंत्री ने जांच कमेटी बनाकर पूरे मामले की जांच करने का निर्देशद दिया था। जांच कमेटी ने महत्वपूर्ण अनुशंसा कर दी है।

दरअसल, 7 अप्रैल 2008 को प्रकाशित मूल मास्टर प्लान 2021 को पुनर्विलोकित कर 24 जुलाई 2023 को पुनः प्रकाशित किया गया था। इसमें अनियमितताओं की 170 से अधिक शिकायतें मिलने पर शासन ने 15 मार्च 2024 को संचालक, नगर तथा ग्राम निवेश की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित की थी। समिति ने स्थल स्थिति, राजस्व अभिलेख और भविष्य के ट्रैफिक दबाव का अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट शासन को सौंप दी है।

जांच समिति की प्रमुख अनुशंसाएं:

11 मार्गों की वापसी: जुलाई 2023 की योजना में हटाए या बदले गए 11 आवश्यक मार्गों को सुदृढ़ यातायात के लिए मास्टर प्लान में दोबारा शामिल किया जाएगा।

23 सड़कों की चौड़ाई होगी बहाल: जिन 23 मार्गों की प्रस्तावित चौड़ाई कम कर दी गई थी, उन्हें 2021 की मूल योजना के अनुसार फिर से चौड़ा किया जाएगा।

10 मार्गों का अलाइनमेंट बदलेगा: एमआर-33 और एमआर-40 सहित कुल 10 मार्गों के अलाइनमेंट में किए गए बदलाव को रद्द कर पुरानी स्थिति बहाल की जाएगी।

तालिकाओं में सुधार: प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों की तालिका से विलोपित किए गए नाम और चौड़ाई के विवरण को दोबारा जोड़ा जाएगा, ताकि विकास अनुज्ञा (बिल्डिंग परमिशन) देने में आ रही अड़चनें दूर हो सकें।

अन्य आपत्तियों पर अलग से कार्रवाई

सड़कों के अलावा असंगत भूमि उपयोग, हरित क्षेत्र (ग्रीन बेल्ट) और जलाशयों को लेकर प्राप्त हुई आपत्तियों पर शासन स्तर पर अलग से कार्रवाई चल रही है।

कहां और कैसे दर्ज कराएं आपत्ति

छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम, 1973 की धारा 23-क के तहत प्रस्तावित संशोधन की प्रति अवलोकन के लिए उपलब्ध करा दी गई है। इच्छुक नागरिक कार्यालयीन समय (अवकाश के दिनों को छोड़कर) में आयुक्त रायपुर संभाग, कलेक्टर रायपुर, संयुक्त संचालक नगर तथा ग्राम निवेश (क्षेत्रीय कार्यालय) और आयुक्त नगर पालिक निगम रायपुर के कार्यालय में जाकर प्रस्ताव देख सकते हैं और 15 दिनों के भीतर अपनी लिखित आपत्ति या सुझाव जमा कर सकते हैं।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *