CG Crime News: भू-माफियाओं की बेखौफ चाल: खसरा नंबर ब्लॉक होने के बावजूद अवैध प्लाटिंग को खेला, बाहरी खरीदारों को फंसाने का आरोप, रेरा के जुर्माने और खसरा ब्लॉक के बाद भी नहीं थमा खेल

फोटो सोर्स- गूगल, एडिटेड बाय- NPG न्यूज़
रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे धरसींवा के परसुलीडीह में करोड़ों रुपये की बेशकीमती जमीन पर अवैध प्लाटिंग का खेल एक बार फिर जोर पकड़ता दिख रहा है। हैरानी की बात यह है कि पूर्व में इस मामले की शिकायत छत्तीसगढ़ रेरा में भी की जा चुकी है और दस्तावेजों की जांच के बाद रेरा ने तीन लोगों पर 45 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। उस दौर में करीब दो एकड़ कृषि भूमि पर अवैध तरीके से प्लॉट काटकर 31 लोगों को बेचे गए थे।
रेरा से जुर्माना लगने के बाद संबंधित जमीन के खसरा नंबरों को ब्लॉक कर दिया गया था, ताकि खरीदी-बिक्री के बाद उसकी रजिस्ट्री न हो सके। जुर्माने और प्रशासनिक रोक के बावजूद उसी इलाके में अवैध प्लाटिंग की शिकायतें फिर सामने आ रही हैं। पड़ताल में यह बात भी सामने आई है कि परसुलीडीह में 10 एकड़ से अधिक जमीन पर अवैध प्लाटिंग की गतिविधियां चल रही हैं।
खसरा 72/1 पर कटे थे 31 प्लॉट, तुड़वाई गई थी सड़क
राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार, परसुलीडीह में खसरा नंबर 72/1 में दर्ज करीब दो एकड़ कृषि भूमि रामेश्वर ठाकुर की बताई जा रही है। इसी जमीन पर 800 से 1500 वर्गफीट तक के 31 प्लॉट काटे गए थे। उस समय मिली शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए धरसींवा के तत्कालीन तहसीलदार अजय चंद्रवंशी ने मौके पर पक्की सड़क तोड़वा दी थी। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम नहीं लग सकी है।
प्रस्तावित सड़क और बायपास का झांसा
इलाके में अवैध प्लाटिंग के पीछे बड़ी वजह प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं को बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, दलदल सिवनी से सड्डू और परसुलीडीह होते हुए रिंग रोड-3 तक नई सड़क बनाने की योजना है, जिसके 36 फीट चौड़ी टू और थ्री लेन बनने की बात कही जा रही है। आरोप है कि जमीन दलाल लोगों को इसी नई सड़क और बायपास सड़क बनने का झांसा देकर प्लॉट थमा रहे हैं।
परसुलीडीह से मोवा, विधानसभा रोड और नवा रायपुर तक आवागमन आसान होने के कारण बाहरी लोग भी तेजी से यहां जमीन खरीद रहे हैं। इसी कनेक्टिविटी के चलते इस क्षेत्र की जमीनों को बेशकीमती माना जा रहा है।
ग्रामीणों में नाराजगी, आंदोलन की चेतावनी
परसुलीडीह में लगातार हो रही अवैध प्लाटिंग को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोग सिंडिकेट बनाकर जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं और खरीदारों को गुमराह कर रहे हैं। नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

