छत्तीसगढ़ में दिखा दुर्लभ 'सफेद भालू' : ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग अलर्ट, देखिए VIDEO

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के मरवाही वनमंडल के अंतर्गत आने वाले पेंड्रा वन परिक्षेत्र में इन दिनों एक दुर्लभ सफेद भालू चर्चा और लोगों के बीच भय का बड़ा कारण बना हुआ है। हाल ही में कुदरी गांव के पास सड़क पर चहलकदमी करते हुए इस अनोखे भालू का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
एक साल से है इन जंगलों में डेरा
ग्रामीणों के अनुसार, यह सफेद भालू कोई अचानक आया नया मेहमान नहीं है, बल्कि पिछले करीब एक साल से कुदरी और कुड़कई के जंगलों में इसका बसेरा बना हुआ है। सूरज ढलते ही यह अक्सर जंगल से निकलकर ग्रामीण बस्तियों और आबादी वाले इलाकों के करीब पहुंच जाता है और कुछ देर बाद वापस पहाड़ियों की ओर लौट जाता है।
कई गांवों की सैर कर रहा दुर्लभ सफेद भालू
इस भालू की मौजूदगी सिर्फ कुदरी तक सीमित नहीं है। इससे पहले भी इसे कई अलग-अलग जगहों पर देखा जा चुका है। गिरारी स्थित पटियाला हाउस रेस्टोरेंट के नजदीक देखा गया था।जमड़ीखुर्द गांव में ग्रामीणों ने इसकी दस्तक देखी थी। आमादांड गांव के पास भी इसी सफेद भालू को देखने का दावा किया गया था।
खौफ में ग्रामीण, विभाग ने जारी किया अलर्ट
लगातार अलग-अलग गांवों में भालू की आमद से किसान, ग्रामीण और राहगीर काफी सहमे हुए हैं। लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि, शाम के वक्त गश्त बढ़ाई जाए और भालू की लोकेशन को ट्रैक किया जाए ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग के अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए एक जांच दल को मौके पर रवाना कर दिया है। इसके साथ ही इलाके में अलर्ट जारी कर ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे शाम और रात के समय अकेले जंगल की तरफ जाने से बचें।
क्या है इस सफेद भालू का रहस्य
विशेषज्ञों के अनुसार, कुदरी गांव के पास नजर आने वाला यह सफेद भालू कोई अलग प्रजाति नहीं है, बल्कि यह आम भारतीय स्लॉथ बीयर ही है। आनुवंशिक स्थिति यानी एल्बिनिज़म या ल्यूसिस्टिक के कारण इसके शरीर में मेलिनन पिगमेंट की कमी हो गई है, जिसकी वजह से इसका रंग काला होने के बजाय पूरी तरह सफेद नजर आता है। छत्तीसगढ़ के अचानकमार वन्यजीव अभ्यारण्य और मरवाही के घने जंगलों में इस तरह के दुर्लभ भालू पहले भी देखे जा चुके हैं।

