CG News: सांप के डसने पर अब अस्पताल पहुंचने का इंतजार खत्म: छत्तीसगढ़ में 375 '108 एम्बुलेंस' बनेंगी चलती-फिरती जीवनदायिनी, मिलेगी एंटी स्नेक वेनम

रायपुर। 14 नवंबर 2026| सांप काटने के बाद अब मरीजों को एंटी स्नेक वेनम ASV के लिए अस्पताल पहुंचने तक लंबी जद्दोजहद या इंतजार नहीं करना पड़ेगा। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य विभाग ने एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेशभर में संचालित 108 संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस को जीवनरक्षक दवाओं से लैस करने की पुख्ता तैयारी कर ली है। इसके तहत प्रदेश की 375 एम्बुलेंस में एंटी स्नेक वेनम (एंटी-वेनम वायल) और अन्य जरूरी चिकित्सकीय संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
विशेषज्ञों के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के ग्रामीण और वनांचल इलाकों में खासकर बारिश और फसल कटाई के दिनों में सर्पदंश के मामले तेजी से बढ़ जाते हैं। कई बार गांवों से जिला अस्पताल या मेडिकल कॉलेज की दूरी अधिक होने और समय पर एएसवी न मिलने के कारण मरीजों की स्थिति गंभीर हो जाती है और कई लोगों की मौत तक हो जाती है। राज्य में हर साल सर्पदंश के सैकड़ों मामले सामने आते हैं और समय पर इलाज न मिलने से हर वर्ष दर्जनों-सैकड़ों जिंदगियां दांव पर लग जाती हैं। इस नई व्यवस्था से इस घातक समस्या पर लगाम लगने की उम्मीद है।
मौके पर पहुंचकर प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी शुरू करेंगे उपचार
इस नई और उन्नत व्यवस्था के तहत, जैसे ही किसी मरीज के सांप काटने की सूचना 108 कॉल सेंटर को मिलेगी, तुरंत नजदीकी एम्बुलेंस को घटनास्थल के लिए रवाना किया जाएगा। एम्बुलेंस में तैनात प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी (EMT) मौके पर पहुंचकर मरीज की शारीरिक स्थिति का आकलन करेंगे और जरूरत के मुताबिक शुरुआती इलाज (एंटी स्नेक वेनम और अन्य जरूरी दवाएं) देना शुरू कर देंगे।
बिलासपुर की सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल का कहना है कि 108 एम्बुलेंस में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध होने से सर्पदंश के मरीजों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही गोल्डन ऑवर (शुरुआती कीमती समय) में उपचार मिल सकेगा, जिससे उनकी जान बचाने की संभावना कई गुना बढ़ जाएगी।
दवा देने के बाद अस्पताल पहुंचाना रहेगा अनिवार्य
स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, एम्बुलेंस में प्राथमिक उपचार और एएसवी दिए जाने के बाद भी मरीज को सुरक्षित रूप से नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाना अनिवार्य रहेगा, ताकि डॉक्टर उसकी पूरी निगरानी कर सकें। हालांकि, स्वास्थ्य विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि एंटी स्नेक वेनम हर सर्पदंश के मरीज को नहीं दिया जाता, इसलिए एम्बुलेंस में मौजूद प्रशिक्षित अमला स्थिति देखकर ही मेडिकल प्रोटोकॉल के तहत कदम उठाएगा।
वर्ष 2026 के प्रारंभिक आंकड़े (स्वास्थ्य विभाग)
- जनवरी से मई 2026 तक की अवधि में पूरे प्रदेश में 1,858 सर्पदंश के केस सामने आए और समय पर इलाज मिलने के कारण मृत्यु का आंकड़ा घटकर 9 तक सीमित रहा।
- जिलेवार मृत्यु विवरण: इन 9 मौतों में जशपुर, कांकेर और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में दो-दो मौतें दर्ज की गईं। इसके अलावा बेमेतरा, धमतरी और कवर्धा जिले में एक-एक व्यक्ति की जान गई।
- वर्ष 2024 में कुल 8,645 मामले आए इसमें 153 लोगों की मौत हो गई।
- वर्ष 2025 में सर्पदंश के 9,603 मामले आए, इसमें 65 लोगों की जान चली गई।
दूरस्थ गांवों के लोगों को मिलेगा सबसे बड़ा फायदा
ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में काम करते वक्त, घरों में सोते समय या रात के अंधेरे में अक्सर लोग सर्पदंश का शिकार हो जाते हैं। कई दूरदराज के गांवों में पक्के रास्ते या निजी वाहन समय पर न मिलने से अस्पताल पहुंचने में एक से दो घंटे या उससे ज्यादा का वक्त बर्बाद हो जाता है। अब एम्बुलेंस के पहियों पर ही जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीण अंचलों के मरीजों को अंधविश्वास और झाड़-फूंक के चक्कर से मुक्ति मिलने के साथ-साथ समय पर सटीक इलाज मिल सकेगा।

