CG Crime News: कंडे के ढेर के बाद अब बढ़ई दुकान में मिला गांजा! पैडलर्स की बढ़ती संख्या और तस्करी के तरीके से हैरान है पुलिस

बेमेतरा। 29 सितंबर 2026| ड्रग्स तस्कर, पैडलर्स के जरिए सूखा नशे के धंधे को बढ़ाने के लिए नए-नए पैंतरे अपना रहे हैं। एक महीने पहले कवर्धा जिले के एक गांव में कंडे के ढेर के बीच पैकेटबंद गांजा का मिला था। अब बढ़ई की दुकान में गांजे की बिक्री के खुलासे के बाद पुलिस हैरान है।
बढ़ई की दुकान में 1.556 किलो गांजा मिला है। हालांकि पुलिस ने जब्ती बना ली है, इस बात को लेकर पुलिस की हैरानी बढ़ रही है, छोटे ठेले वालों से लेकर इस तरह के दुकानदारों को तस्कर पैडलर्स के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। बढ़ई की दुकान में एक किलोग्राम से ज्यादा का गांजा मिलने से साफ है, पैडलर्स की भूमिका में बढ़ई का इस्तेमाल किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ बेमेतरा पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। 27 सितंबर को सिंघौरी की एक बढ़ई दुकान पर छापा मारकर 1 किलो 556 ग्राम गांजा और एक मोबाइल जब्त किया गया। इनकी कुल कीमत करीब 18,500 रुपए है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंजपारा बेमेतरा के तुलाराम साहू (39) अपनी गौरव पथ रोड, सिंघौरी की बढ़ई दुकान में गांजा बेच रहे हैं। थाना प्रभारी सोनल ग्वाला और साइबर सेल प्रभारी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने दबिश दी।
NFDPS एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज
छापेमारी में आरोपी तुलाराम साहू को गांजे के साथ पकड़ा गया। उसके कब्जे से 1 किलो 556 ग्राम गांजा और 500 रुपए का एक मोबाइल मिला। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत केस दर्ज किया है। जिले में अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
तस्करी में महिलाओं को बना रहे जरिया
सरगुजा में दो पिकअप वाहन में पकड़ाए गांजा के बाद एक और हैरान करने वाली घटना सामने आई। तस्करों ने अब महिलाओं और युवाओं को जरिया बनाने लगे हैं। महिलाओं की आड़ में तस्करी की जा रही है। हैरानी की बात ये कि तस्कर अब जीपीएस का भी इस्तेमाल करने लगे हैं।

