बड़ी खबर: छत्तीसगढ़ में अब 'एक ही पावर सेंटर': हाईकमान के 'स्ट्राइक' से विष्णुदेव साय हुए और 'स्ट्रांग' ! मंत्रियों, अफसरों में खौफ

बड़ी खबर: छत्तीसगढ़ में अब 'एक ही पावर सेंटर': हाईकमान के 'स्ट्राइक' से विष्णुदेव साय हुए और 'स्ट्रांग' ! मंत्रियों, अफसरों में खौफ

रायपुर। 25 सितंबर 2026|  छत्तीसगढ़ में अब सिर्फ और सिर्फ एक ही पावर सेंटर होगा, और वो हैं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय। तकनीकी रूप से यह बदलाव संगठन के भीतर हुआ दिख सकता है, लेकिन इसका सीधा और सबसे बड़ा असर विष्णुदेव साय सरकार और प्रशासनिक तंत्र पर पड़ने वाला है। बीजेपी संगठन में नए चेहरों की एंट्री और पुराने क्षत्रपों की विदाई ने राज्य के उन तमाम ब्यूरोक्रेट्स, मंत्रियों और नेताओं की नींद उड़ा दी है, जो अब तक समानांतर पावर सेंटरों के भरोसे अपनी गोटियां लाल कर रहे थे।

दो दिनों के भीतर शीर्ष नेतृत्व द्वारा छत्तीसगढ़ भाजपा के शीर्ष सांगठनिक ढांचे में बड़ा रिसेट किया गया है। फायरब्रांड नेता स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा का नया प्रभारी बनाया गया है, वहीं कड़े और अनुशासनप्रिय कार्यशैली के लिए जाने जाने वाले कर्मवीर को नया संगठन महामंत्री नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल की विदाई से उस पुराने समीकरण पर पूरी तरह विराम लग गया है, जो अब तक सत्ता और संगठन के बीच अलग-अलग शक्ति केंद्रों को शह दे रहा था।

अब तक क्यों बने हुए थे कई ‘पावर सेंटर’?

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पद संभालने के बाद से अब तक की उनकी भूमिका एक सौम्य, सर्वस्वीकार्य और संतुलित जननेता की रही है। हालांकि, उनके इस शांत और सौम्य स्वभाव का कुछ नेताओं और नौकरशाहों ने गलत फायदा उठाने की कोशिश की, जिससे राज्य की राजनीति में समानांतर शक्ति केंद्र बन चुके थे। जब भी सरकार में कोई मंत्री या विधायक मुख्यमंत्री के फैसलों या कड़े रुख से असंतुष्ट होता, तो वह सीधा कुशाभाऊ ठाकरे परिसर (प्रदेश भाजपा कार्यालय) पहुंच जाता था। इतना ही नहीं, कई वरिष्ठ और मनमाफिक पोस्टिंग चाहने वाले नौकरशाह भी कुशाभाऊ ठाकरे परिसर की शरण लेकर संगठन से सिफारिशें करवाते थे और सरकार पर दबाव बनाते थे। इस स्थिति ने सरकार के कामकाज में दोहराव और अनिश्चितता पैदा कर दी थी, जिससे मुख्यमंत्री की प्रशासनिक पकड़ पर सवाल उठने लगे थे।

सरकार और मंत्रियों पर क्या पड़ेगा सीधा असर?

इस ‘सियासी स्ट्राइक’ से साफ हो गया है कि हाईकमान राज्य में किसी भी तरह की गुटबाजी या समानांतर सत्ता को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। अब मंत्रियों को यह अच्छी तरह समझ आ गया है कि किसी भी असंतोष या शिकायत को लेकर पार्टी दफ्तर के चक्कर काटने से उन्हें कोई राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलने वाला है। फैसलों की धुरी अब सीधे मुख्यमंत्री निवास ही होगी और मंत्रियों को पूरी तरह से परफॉर्मेंस और जवाबदेही पर ध्यान देना होगा। वहीं दूसरी ओर, संगठन से सिफारिश कराकर मलाईदार पोस्टिंग पाने वाले अधिकारियों में इस फेरबदल के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। अब ‘सिफारिशी संस्कृति’ खत्म होने की कगार पर है और नौकरशाहों को स्पष्ट हो गया है कि उनकी वफादारी और काम की रिपोर्ट सीधे मुख्यमंत्री सचिवालय में ही आंकी जाएगी।

क्यों सरकार के हित में दिख रहे हैं ये बड़े फैसले?

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि केंद्रीय नेतृत्व का यह कदम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पूरी तरह से ‘फ्री हैंड’ देने और पावर को घेरा देने की रणनीति का हिस्सा है। अब फाइलों और फैसलों में दोहरे पावर सेंटर की वजह से कोई देरी नहीं होगी। मुख्यमंत्री साय अब बिना किसी राजनीतिक दबाव या सिफारिशी लिस्ट के प्रशासनिक फैसले ले सकेंगे। सरकार और संगठन के बीच स्पष्ट रेखा खींच दिए जाने से अनुशासनहीनता पर लगाम लगेगी और निर्णय प्रक्रिया में तेजी आएगी।

CM की नई भूमिका और प्रशासनिक कड़ापन

अब तक मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को एक ‘सहमति बनाने वाले’ नेता के रूप में देखा जाता था, लेकिन संगठन में हुए इस बड़े रिसेट के बाद उनकी भूमिका और अधिक आक्रामक, मजबूत और निर्णायक होने जा रही है। स्मृति ईरानी और कर्मवीर जैसे कड़े तेवरों वाले सांगठनिक नेतृत्व के आने से मुख्यमंत्री को संगठन की ओर से प्रशासनिक कसावट लाने का पूरा समर्थन मिलेगा। अब विष्णुदेव साय सिर्फ एक सौम्य मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि एक कड़े फैसले लेने वाले मुख्यमंत्री के रूप में नजर आ सकते हैं। सिफारिशों के कई रास्ते पैदा हो गए थे, जिसके कारण कई बार सरकार असहज स्थिति में दिखती थी और इसका सीधा असर प्रशासन में दिखता था। अफसरों का एक ऐसा वर्ग था, जो कुशाभाऊ ठाकरे परिसर से अपरेट होता था. यही हाल कुछ मंत्रियों और बोर्ड-निगम अध्यक्षो का भी था. उम्मीद की जा रही है कि अब सरकार एक लाइन पर चलेगी।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *