सांसद फूलो देवी और विधायक मरकाम का वॉट्सऐप हैक, करीबियों को मैसेज कर मांगे गए पैसे, साइबर टीम कर रही जांच

इमेज- इंटरनेट
CG Cyber Crime News
MP Phulo Devi – MLA Markam WhatsApp Hacked: रायपुर l साइबर अपराध दिनों दिन बढ़ते ही जा रहे हैं. नेता, अभिनेता सभी इसका शिकार हो रहे हैं. ऐसी ही एक खबर छत्तीसगढ़ से सामने आयी है. छत्तीसगढ़ के राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम और विधायक तुलेश्वर मरकाम का फोन हैक हो गया. फिर परिचितों को मैसेज कर पैसे मांगे गए.
राज्यसभा सांसद फूलो देवी का वॉट्सऐप हैक
जानकारी के मुताबिक़, बुधवार (23 सितम्बर) को राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम का वॉट्सऐप हैक हो गया था. जिसके बाद उनके नाम से परिचित को मैसेज करके पैसे की मांग की गयी. छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की सोशल मीडिया प्रभारी उषा संतोष राठौर को मैसेज भेजा गया था. जिसमें 65 हजार रुपए की मांग की गयी थी.
पैसों की मांग की गयी
ठग ने कहा एमरजेंसी है और पैसे 2 घंटे में वापस कर दिए जाएंगे. जिसके बाद उन्हें शक हुआ और इसकी जानकारी फूलो देवी नेताम को दी गयी. जानकारी मिलते ही फूलों देवी नेताम ने तत्काल कोंडागांव पुलिस अधीक्षक को इसकी सूचना दी है. पुलिस जांच में जुट गयी है. बताया जा रहा है अभी भी लगातार पैसों की मांग की जा रही है.
फूलो देवी नेताम ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
फूलो देवी नेताम ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है और अलर्ट रहने को कहा है. फूलो देवी नेताम ने लिखा, “महत्वपूर्ण सूचना, मेरा WhatsApp अकाउंट हैक हो गया है. सभी साथियों, शुभचिंतकों एवं परिचितों से अनुरोध है कि मेरे WhatsApp नंबर से आने वाले किसी भी मैसेज, कॉल, लिंक या पैसे से संबंधित अनुरोध पर विश्वास न करें और किसी भी प्रकार की निजी जानकारी साझा न करें. अकाउंट को सुरक्षित करने की प्रक्रिया जारी है। अकाउंट के सुरक्षित होने के बाद इसकी जानकारी आप सभी को दी जाएगी. कृपया सतर्क रहें और इस सूचना को अधिक से अधिक साझा करें.
विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम का भी फोन हैक
दूसरी तरफ पाली-तानाखार विधानसभा के विधायक और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम का भी मोबाइल फोन हैक हो गया. बताया जा रहा है उनके पास पार्सल से जुड़ा वाट्सऐप कॉल आया था जिसके बाद उनका वाट्सऐप हैक हो गया. उसके बाद परिचित को मैसेज भेजकर 76 हजार रुपए मांगे गए. उनके नंबर से कई लोगों को मैसेज गए. हालाँकि लोगो ने सूझबूझ दिखाते हुए सीधे विधायक से संपर्क किया.
जिसके बाद उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों को अलर्ट किया और सभी को फोन हैक होने की जानकारी दी. साथ ही पाली थाना प्रभारी से शिकायत दर्ज कराई है. साइबर सेल की टीम मामले की जांच में जुट गयी है.

