Raigarh News: महिला मित्र से मिलने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

Raigarh News: महिला मित्र से मिलने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

Raigarh News: रायगढ़। जूटमिल के ट्रांसपोर्ट नगर में युवक की मारपीट से हुई मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों राजू महंत उर्फ संजय महंत (35 वर्ष) और कृष्णा साव उर्फ चुड़ामणि साव (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है। मामले में शामिल तीसरा आरोपी धन्नू निषाद फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

जानिए पूरी घटना

जानकारी के अनुसार 8 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात रायगढ़ के सतीगुड़ी चौक निवासी शिवा सेठ्ठी (35 वर्ष) ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान मोहल्ले के राजू महंत, कृष्णा साव और धन्नू निषाद ने उसे वहां आने से मना करते हुए विवाद किया। आरोप है कि तीनों ने एक राय होकर शिवा के साथ हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से मारपीट की तथा जमीन पर पटक-पटककर पीटा, जिससे उसे गंभीर बाहरी व अंदरूनी चोटें आईं।

उपचार के दौरान मौत

मारपीट के बाद शिवा किसी तरह वहां से निकलकर अपने दोस्त के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी। प्राथमिक उपचार के बाद वह घर चला गया, लेकिन घर पहुंचने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रायगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर पहले थाना कोतवाली में शून्य पर मर्ग कायम किया गया। घटनास्थल जूटमिल थाना क्षेत्र का होने के कारण मर्ग डायरी जूटमिल पुलिस को भेजी गई। जूटमिल पुलिस ने मर्ग जांच शुरू कर प्रत्यक्षदर्शियों और बीच-बचाव करने वाले गवाहों के बयान लिए। गवाहों ने तीनों आरोपियों द्वारा शिवा के साथ मारपीट किए जाने की पुष्टि की।

पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में चिकित्सक द्वारा मृत्यु का कारण हेड इंजरी बताया गया। मर्ग जांच में मारपीट से आई गंभीर चोटों के कारण शिवा की मौत होना पाया गया। 12 सितंबर को थाना जूटमिल में अपराध धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

दोनों आरोपी पहले भी जा चुके जेल

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तत्काल दबिश दी। पुलिस को पता चला कि राजू महंत और कृष्णा साव पूर्व कार्रवाई के तहत जिला जेल रायगढ़ में थे और रिहा होने वाले हैं। पुलिस टीम ने जेल परिसर के बाहर दोनों को उनके परिजनों के साथ तलब कर थाना लाया और पूछताछ की।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने साथी धन्नू निषाद के साथ मिलकर शिवा सेठ्ठी के साथ मारपीट करना स्वीकार किया। जाँच में आरोपियों के खिलाफ सबूत मिलने पर दोनों को 12 सितंबर को गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं फरार आरोपी धन्नू निषाद की पतासाजी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

गिरफ्तार आरोपी

1. राजू महंत उर्फ संजय महंत, पिता लोकेश्वर दास महंत, उम्र 35 वर्ष, निवासी ट्रांसपोर्ट नगर वाल्मीकि आवास, जूटमिल, रायगढ़।

2. कृष्णा साव उर्फ चुड़ामणि साव, पिता सीयाराम साव, उम्र 35 वर्ष, निवासी ट्रांसपोर्ट नगर वाल्मीकि आवास, जूटमिल, रायगढ़।

आरोपियों की गिरफ्तारी में निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, थाना प्रभारी जूटमिल, सहायक उप निरीक्षक हेमंत कश्यप, राजेन्द्र पटेल, प्रधान आरक्षक लोमेश राजपूत एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *