Korba News: ASP ने 200 बदमाशों को सिंघम स्टाइल में दी वार्निंग, बोले- जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी पर नशा करते दिखे तो उल्टा टांग कर ले जाऊंगा…

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की पुलिस ने 200 गुंडा-बदमाशों की परेड ली। इस दौरान एएसपी लखन पटले ने सिंघम अंदाज में बदमाशों को लास्ट वार्निंग दी। उन्होंने बदमाशों से कहा कि अगर जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी पर नशा करते दिखें तो उल्टा टांग कर ले जाउंगा…
दरअसल, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी के दौरान जिले में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा जिले के सभी थाना, चौकी में विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों और पूर्व में त्यौहारों के दौरान विवाद, हुड़दंग अथवा आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे व्यक्तियों को थाना एवं चौकी बुलाकर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली गई तथा उन्हें कड़ी एवं स्पष्ट समझाइश दी गई।
नीचे देखिए वीडियो
200 व्यक्तियों को दी गई कड़ी समझाइश
अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में लगभग 200 व्यक्तियों को बुलाकर समझाइश दी गई। वहीं एसपी कार्यालय में लगभग 50 व्यक्तियों को उपस्थित कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले द्वारा कड़ी एवं स्पष्ट समझाइश दी गई। ASP लखन पटले द्वारा सभी को स्पष्ट रूप से निर्देश किया गया कि आगामी पर्व के दौरान कायदे से रहें, कानून का पालन करें और किसी भी प्रकार के विवाद, हुड़दंग, आपराधिक गतिविधि अथवा शांति भंग करने वाले कृत्य से पूरी तरह दूर रहें।
उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी गई कि त्यौहार की आड़ में कानून व्यवस्था बिगाड़ने, विवाद उत्पन्न करने व किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त होने की कोशिश की तो ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी
कोरबा पुलिस द्वारा जन्माष्टमी व गणेश चतुर्थी पर्व के दौरान आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों व पूर्व में विवाद व अपराध में संलिप्त रहे व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। थाना व चौकी प्रभारियों को भी अपने-अपने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने से पूर्व आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कोरबा पुलिस का उद्देश्य है कि जिले में जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी के सभी धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हों।
पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे शांति एवं सद्भाव के साथ पर्व मनाएं, कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध अथवा अप्रिय गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

