CG News: स्कूल से लौट रहे बच्चे नदी में बह गए, एक का शव मिला, दो की तलाश जारी

CG News: बिलासपुर \ 22 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले के ग्राम समडील में शनिवार को उस समय सनसनी फेल गई , जब स्कूल से लौट रहे तीन मासूम बच्चे घोंघा नदी के अचानक आए तेज बहाव में बह गए। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों और पुलिस की टीम ने एक बच्चे का शव बरामद कर लिया है, दो अन्य मासूमों की तलाश जारी है।
ग्राम समडील निवासी 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल (दोनों के पिता भुनेश्वर जायसवाल) और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल पिता विजय जायसवाल स्कूल में छुट्टी होने के बाद पैदल नदी पार करके अपने घर लौट रहे थे। स्थानीय निवासियों ने बताया कि नदी में पानी कम था, लेकिन अचानक पानी का स्तर बढ़ा और तेज बहाव आने से तीनों बच्चे संतुलन खो बैठे और बह गए।
सर्च ऑपरेशन जारी
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी तट पर इकट्ठा हो गए और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। घंटों चले सर्च अभियान के बाद एक बच्चे का शव निकाला जा सका। लापता दो बच्चों की खोज के लिए एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को बुलाया गया है, जो विस्तृत स्तर पर तलाशी अभियान चलाएगी।
गांव में पसरा मातम
इस दुखद हादसे के बाद समडील गांव और आसपास के इलाकों में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण भी नदी किनारे डटे हुए हैं। थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस व रेस्क्यू टीम लापता बच्चों की तलाश में पूरी मुस्तैदी से जुटी हुई है।

