CG: कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर: कैशलैस इलाज योजना पर मंत्रालय में हुई अहम बैठक, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया की अध्यक्षता में कर्मचारी संगठनों से विस्तृत चर्चा

CG Employees News: रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बजट वर्ष 2026-27 में घोषित शासकीय सेवकों के लिए प्रस्तावित कैशलैस चिकित्सा सुविधा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आज मंत्रालय, महानदी भवन में स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया की अध्यक्षता में कर्मचारी संगठनों के साथ विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन द्वारा योजना का डिजिटल प्रस्तुतीकरण भी किया गया तथा विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित योजना पूर्णतः कैशलैस होगी तथा उपचार हेतु व्यय की कोई अधिकतम सीमा निर्धारित नहीं की जाएगी। कर्मचारी संगठनों ने योजना को अधिक व्यावहारिक, पारदर्शी, सरल एवं कर्मचारी हितैषी बनाने के उद्देश्य से अनेक महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने बताया कि फेडरेशन ने 7 जुलाई को मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन को पत्र प्रेषित कर आग्रह किया था कि योजना लागू करने से पूर्व कर्मचारी संगठनों से विस्तृत विचार-विमर्श किया जाए, ताकि योजना कर्मचारियों की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप प्रभावी ढंग से लागू की जा सके। फेडरेशन के इस आग्रह पर शासन द्वारा कर्मचारी संगठनों की बैठक आयोजित किया जाना एक सकारात्मक एवं स्वागतयोग्य कदम है।
वर्मा ने बताया कि फेडरेशन ने बैठक में यह सुझाव भी दिया कि कैशलैस चिकित्सा सुविधा योजना का लाभ केवल कार्यरत शासकीय सेवकों तक सीमित न रखते हुए पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों को भी प्रदान किया जाए। साथ ही अधिक से अधिक शासकीय एवं निजी अस्पतालों को योजना से जोड़ा जाए तथा उपचार की प्रक्रिया को सरल एवं त्वरित बनाया जाए।
उन्होंने बताया कि फेडरेशन द्वारा शासन को इस योजना के संबंध में जो सुझाव एवं अनुशंसाएँ प्रस्तुत की गई थीं, उनमें से अनेक महत्वपूर्ण प्रावधानों को शासन ने यथावत योजना में शामिल किया है।
फेडरेशन ने विश्वास व्यक्त किया कि कर्मचारी संगठनों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए शासन शीघ्र ही एक व्यापक, पारदर्शी एवं कर्मचारी हितैषी कैशलैस चिकित्सा सुविधा योजना लागू करेगा, जिससे प्रदेश के लाखों शासकीय कर्मचारी लाभान्वित होंगे।
बैठक में कमल वर्मा,प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ, चंद्रकांत पांडे, राजेश चटर्जी, पवन शर्मा, राकेश सिंह, कीर्तिवर्धन उपाध्याय, संतोष वर्मा, अनिल पांडेय आदि उपस्थित रहे।

