CG: मासूम से लगवाए भारत विरोधी नारे, पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी वसीम तो बोलने लगा- "हिंदुस्तान जिंदाबाद, पाकिस्तान मुर्दाबाद"

रायगढ़। देश विरोधी नारे लगवाने वाले आरोपी वसीम मोहम्मद को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मासूम बच्चे को आरोपी भारत विरोधी नारे सिखा रहा था। इसकी सूचना जैसे ही रायगढ़ पुलिस को मिली तो तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा गया। मौके पर ही उसकी हेकड़ी निकाली गई। इस दौरान आरोपी वसीम बोलने लगा, हिंदुस्तान जिंदाबाद, पाकिस्तान मुर्दाबाद…वसीम मोहम्मद निवासी जोगीडिपा रायगढ़ पर दर्ज महिला थाना के प्रकरण की जाँच तेज़ी से आगे बढ़ाई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी उन्नति ठाकुर के सुपरविजन में विवेचना थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को सौंपी गई है।
जानकारी के अनुसार 29 मई को एक स्थानीय महिला ने महिला थाना रायगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी मोहम्मद वसीम द्वारा उसे शारिक और मानसिक रूप से काफी प्रताड़ित किया गया। साथ ही उसके नाबालिग पुत्र को “पाकिस्तान जिंदाबाद” और “हिंदुस्तान मुर्दाबाद” जैसे भारत विरोधी नारे सिखाए गए, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
महिला द्वारा लिखित शिकायत महिला थाना रायगढ़ में वसीम मोहम्मद के विरूद्ध धारा 85, 351, 152 एवं 197 भारतीय न्याय संहिता तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम, 1968 की धारा 4 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जाँच शुरू की गई।
ज्ञात हुआ कि आरोपी मोहम्मद वसीम (43 वर्ष), निवासी जोगीडीपा, रायगढ़ को 25 मई को लगभग 6 किलोग्राम गांजा के साथ सिटी कोतवाली रायगढ़ की पुलिस ने गिरफ्तार होकर एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में जिला जेल रायगढ़ में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध है।
महिला थाने के उक्त गंभीर अपराध में आरोपी की आवश्यकता पर जाँच के लिए निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस द्वारा न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर आरोपी को जिला जेल रायगढ़ से एक दिन की पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी को घटनास्थल ले जाकर आवश्यक पूछताछ, स्थल निरीक्षण व अन्य वैधानिक जाँच की गई। इस दौरान आरोपी ने “हिंन्दुस्तान जिंदाबाद, पाकिस्तान मुर्दाबाद” के नारे लगाता रहा। पुलिस रिमांड अवधि पूर्ण होने के पश्चात आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का कडा सन्देश
“राष्ट्र विरोधी मानसिकता फैलाने, महिलाओं के विरुद्ध अपराध तथा सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले मामलों में पुलिस कठोर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।”

