CG News: भूख-प्यास से भालू की मौत, नाले में मिला शव, जंगल से निकलकर गांव में भटक रहा था

CG News: भूख-प्यास से भालू की मौत, नाले में मिला शव, जंगल से निकलकर गांव में भटक रहा था

बिलासपुर। 08 जुलाई 2026| छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले के खोंगसरा-टेंगनमाड़ा मार्ग स्थित सुखानाला में एक वृद्ध भालू का शव मिला है। इस घटना से वन्यजीव संरक्षण और रेस्क्यू सिस्टम पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का दावा है कि भालू बीते कई दिनों से भोजन और पानी की तलाश में जंगल से बाहर निकलकर आसपास के गांवों और तेंदूपत्ता फड़ों के पास भटक रहा था। इसके बावजूद उसका रेस्क्यू नहीं किया गया। भालू का शव मिलने के बाद वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

सुखानाला में मंगलवार को एक वृद्ध भालू मृत अवस्था में मिला। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इस घटना की सूचना वन विभाग को दी गई, विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि भालू काफी कमजोर और उम्रदराज हो गया था।

आसपास गांव में भटक रहा था भालू

ग्रामीणों का कहना है कि वह पिछले कुछ दिनों से जंगल से बाहर निकलकर भोजन-पानी की तलाश में इधर-उधर भटक रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार भालू की हालत देखकर लग रहा था कि वह सामान्य स्थिति में नहीं है और उसे तत्काल रेस्क्यू या चिकित्सकीय निगरानी की जरूरत थी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने भालू के शरीर पर कुछ चोट जैसे निशान और एक पंजे के नाखून के पास घाव जैसी स्थिति देखी है। हालांकि, यह साफ नहीं है कि ये निशान पुरानी चोट के हैं, किसी संघर्ष के हैं, गिरने से या फिर मौत के बाद की स्थिति का हिस्सा हैं।

 ग्रामीणों ने लगाए वन विभाग पर लापरवाही के आरोप

ग्रामीणों का आरोप है, भालू के आबादी वाले इलाके की ओर आने की जानकारी वन विभाग को पहले से थी, लेकिन समय रहते रेस्क्यू नहीं किया गया। अगर समय पर कार्रवाई होती तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वन विभाग का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कानन पेंडारी जू से वन्यजीव चिकित्सक डॉ. चंदन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। भालू के शव का पोस्टमार्टम कर वन अधिनियम के तहत अंतिम संस्कार कर दिया है। घटनास्थल पर बिलासपुर वन परिक्षेत्र के एसडीओ, वन विकास निगम के एसडीओ, रेंजर समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे और मौके का निरीक्षण किया।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *