CG News: मौत हुई जहर खाने से , बता दिया सांप ने काटा, ऐसे 15 मामले, अब FIR की तैयारी, गिरोह ने सरकारी खजाने को लगाया 60 लाख का चूना, NPG.NEWS ने किया था भांडाफोड़

इमेज सोर्स- NPG News
बिलासपुर। 14 जून 2026| छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक ऐसा संगठित गिरोह काम कर रहा है, जिसके अपराध के तरीके को सुन और पढ़कर आप भी हैरान रह जाएंगे। प्राकृतिक रूप से होने वाली मौत को सांप काटना बताकर सरकारी खजाने को गिरोह में शामिल सफेदपोश लोगों ने 60 लाख रुपये अधिक का चूना लगाया है। सबसे पहले NPG.NEWS ने CG के सरकारी अस्पतालों में क्लेम के नाम पर बड़ा खेल, शीर्षक से रिपोर्ट प्रकाशित की थी। इसके बाद लगातार पांच रिपोर्ट प्रकाशित की गई।
एनपीजी की रिपोर्ट और विधानसभा में विधायक सुशांत शुक्ला के सवालों के जवाब के बाद राज्य सरकार हरकत में आई और पूरे मामले की जांच को लेकर की लेकर कलेक्टर व सीएमएचओ को निर्देश जारी किया। फर्जीवाड़ा में शामिल संगठित गिरोह के लोगों की पूरी कुंडली अब जिला प्रशासन के हाथ लग गई है। जिला प्रशासन ने पुलिस को पत्र लिखकर गिरोह के लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने कहा है। पुलिस अब किसी भी दिन इन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सलाखों के पीछे डाल देगी। जानकारी के अनुसार जांच में 15 ऐसे मामले सामने आए हैं जिसमें मौत का कारण दुर्घटना या स्वाभाविक कारणों से था, जिसे चालाकी के साथ सांप काटना बताकर सरकारी खजाने को लाखों रुपये का चूना लगा दिया है। जांच में जो कुछ सामने आया है उसमें छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले में 15 प्रकरणों में प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाया गया है। इसमें सिविल लाइन थाना में 4, सरकंडा में 5, तोरवा में 2, सिटी कोतवाली में 1, सरगिट्टी में 1 व अन्य थानों का मामला है।
जहर से हुई थी मौत, बता दिया सांप ने काटा, दोबारा पीएम में हुई पुष्टि
14 नवंबर 2023 में बिल्हा पोड़ी निवासी शिव कुमार धृतलहरे की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई थी। परिजन ने वकील, पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टर की मदद से मामले को सर्पदंश में बदल कर 4 लाख रुपए सहायता राशि प्राप्त कर ली थी। जांच में खुलासा हुआ, मृतक की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई थी। 18 माह बाद जून 2025 में शव को कब्र से खोदकर निकाला गया और सिम्स में दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया था। दोबारा किए गए पीएम रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ से मृत्यु होने की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने फर्जीवाड़ा के आरोप में वकील, डाक्टर व दो परिजन को गिरफ्तार किया था।
ये आंकड़ा गजब का है
छत्तीसगढ़ जशपुर जिले में सांप काटने से 96 लोगों की मौत हुई, तीन करोड़ रुपये मुआवजा का वितरण किया गया, बिलासपुर में यह आंकड़ा चाैंकाने वाला है। बिलासपुर जिले में सांप के काटने से 431 लोगों की मौत हुई और मुआवजा के तौर पर 17 करोड़ रुपए का परिजनों को दी गई है।
15 प्रकरणों में दर्ज होगी एफआईआर
एडिशनल एसपी पंकज कुमार पटेल का कहना है, छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले में फर्जी सर्पदंश और मुआवजा हड़पने के 15 प्रकरणों का खुलासा हुआ है। एफआईआर दर्ज करने पत्र प्राप्त हुआ है। प्रकरणों के ओरिजनल दस्तावेज प्राप्त करने के बाद सभी मामलों में एफआईआर दर्ज किया जाएगा।
सबसे पहले NPG.NEWS ने सरकारी अस्पतालों में क्लेम के नाम पर बड़ा खेल, शीर्षक से प्रकाशित की थी रिपोर्ट
तब से लगातार प्रकाशित हो रहीं थी खबरें देखें

