CG News: एसएसपी का मास्टरस्ट्रोक… दफ्तर से हटाए गए जवान, अब अड्डेबाजी और नशे के कारोबारियों की खैर नहीं

CG News: एसएसपी का मास्टरस्ट्रोक… दफ्तर से हटाए गए जवान, अब अड्डेबाजी और नशे के कारोबारियों की खैर नहीं

CG News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बिलासपुर पुलिस ने अपराध नियंत्रण की नई रणनीति अपनाते हुए एसएसपी कार्यालय और डायल-112 में तैनात 20 जवानों को फील्ड में उतार दिया है। एएसपी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम अब अड्डेबाजी, नशे के कारोबार और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ जिलेभर में कार्रवाई करेगी।

फील्ड में नजर आयेंगे जवान

जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए एसएसपी रजनेश सिंह ने बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। एसपी कार्यालय और डायल-112 में तैनात करीब 20 पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन भेजकर एक विशेष फील्ड टीम का गठन किया गया है। यह टीम अब सीधे मैदान में उतरकर अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।

अड्डेबाजी और नशे के कारोबार पर नियंत्रण की कोशिश

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम जिले में संचालित अड्डेबाजी, अवैध शराब बिक्री, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार पर विशेष नजर रखेगी। इसके अलावा अन्य संदिग्ध और गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी।

एएसपी सिटी और एएसपी ग्रामीण करेंगे नेतृत्व

नई व्यवस्था के तहत यह टीम सीधे एएसपी सिटी और एएसपी ग्रामीण को रिपोर्ट करेगी। दोनों अधिकारी टीम की गतिविधियों की मॉनिटरिंग करेंगे और अभियान की नियमित समीक्षा भी करेंगे। इससे कार्रवाई में तेजी और जवाबदेही दोनों बढ़ेंगी।

अनुभवी जवानों को मिली नई जिम्मेदारी

एसपी कार्यालय और डायल-112 में पदस्थ एसआइ, एएसआइ और आरक्षक स्तर के करीब 20 जवानों को इस विशेष टीम में शामिल किया गया है। वर्षों के अनुभव वाले इन पुलिसकर्मियों का उपयोग अब सीधे फील्ड ऑपरेशन में किया जाएगा, जिससे अपराध नियंत्रण की क्षमता और मजबूत होगी।

एसएसपी रजनेश सिंह की इस पहल को अपराध नियंत्रण की नई रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि अब अतिरिक्त बल दफ्तरों में नहीं, बल्कि सड़कों और मैदान में दिखाई देंगे। इसका सीधा असर अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर पड़ेगा और कानून व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *