CG: युवक-युवती की डैम में मिली लाश, रायपुर से पहुंचे थे पिकनिक मनाने चार दोस्त, इसी दौरान हुआ हादसा…

CG: युवक-युवती की डैम में मिली लाश, रायपुर से पहुंचे थे पिकनिक मनाने चार दोस्त, इसी दौरान हुआ हादसा…

रायपुर। गरियाबंद जिले के पांडुका थाना क्षेत्र में डैम में डूबने से दो की मौत हो गई। मृतकों में युवक-युवती शामिल है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और दोनों के शव को पानी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतकों की पहचान रायपुर निवासी के रूप में की गई है।

जानिए पूरा मामला

दरअसल, रायपुर के शंकर नगर निवासी पीयूष मंडल 23 वर्ष और सिंपी 22 वर्ष पिकनिक मनाने के लिए अपने अन्य दोस्तों के साथ गरियाबंद जिले के पांडुका स्थित कुकदा डैम पहुंचे थे। इस दौरान तीन युवक और एक युवती नहाने के लिए डैम में उतरे थे। देखते ही देखते पीयूष और सिंपी गहरे पानी में डूबने लगे। दोनों को डूबते देख किनारे में नहा रहे दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन गहरे पानी में पल भर में ही दोनों डूब गए।

दोनों को डूबते देख साथियों ने आसपास के ग्रामीणों को आवाज देकर मौके पर बुलाया। साथ ही घटना की जानकारी पांडुका थाना पुलिस को दी गई। पुलिस और गोताखोर की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर गहरे पानी से युवक-युवती के शव को बाहर निकाला गया।

दोनों की पहचान कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। साथ ही घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच कार्रवाई कर रही है।

बताया जा रहा है कि कुकदा डैम में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। प्रशासन ने डैम के आसपास चेतावनी बोर्ड भी लगाया है। इसके बाद भी लोग चोरी छुपे डैम में नहाने पहुंच जाते हैं। लोगों को डैम में गहराई का पता नहीं चल पाने से इस तरह के हादसे का शिकार हो जाते हैं।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *