CG Congress Politics: निशाने पर अफसर और सियासत: पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने IG और SP को तल्ख शब्दों में दी कुछ ऐसी चेतावनी…

इमेज सोर्स- NPG News
सूरजपुर। 27 मई 2026| छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव भूपेश बघेल ने शिवनंदनपुर की घटना को लेकर पुलिस के आला अफसरों को आड़ेहाथों लिया है। पूर्व सीएम ने दोटूक कहा, सरकार आती-जाती रहती है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करना छोड़े। वे यहीं नहीं रुके, फिर बोले कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने चुड़ियां नहीं पहन रखी है। उनकी इस तल्खी के बाद उत्तर छत्तीसगढ़ की सियासत में गर्माहट देखने को मिली।
पूर्व सीएम ने, टीआई से लेकर आला अधिकारियों को निशाने पर लेते हुए कहा, सरकार आती-जाती रहती है, लेकिन टीआई समझ लें कि हमारी भी सरकार आएगी, तब हम भी सब याद रखेंगे। उन्होंने साफ कहा, कांग्रेस के नेता हर एक घटनाओं पर बारिकी से नजर रख रहे हैं। यह ना सोचे कि मनमानी कर लेंगे और कोई बोलेगा नहीं।
भूपेश बघेल ने कहा, कांग्रेस, कार्यकर्ताओं और नेताओं के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पार्टी चुप बैठने वाली नहीं है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव धरने पर बैठे हैं,इसका मतलब साफ है, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और संगठन को हर एक कार्यकर्ता का ध्यान है। उनके मान और सम्मान की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। वैसे भी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने चुड़ियां नहीं पहन रखी है। प्रतिकार और विरोध करना हम सबको अच्छे से आता है।
चुनावी सभा के दौरान बघेल ने प्रशासनिक अधिकारियों पर सत्ता के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, लोकतंत्र में जनता की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करेगी। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा हमारी सरकार आएगी तब देखेंगे।
सियासत गरमाने लगी
उत्तर छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले की सियासत कुछ ज्यादा गर्म है। जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी नरेंद्र जैने के खिलाफ पुलिस की एकतरफा कार्रवाई के चलते कांग्रेस को जमकर राजनीति करने का अवसर मिला। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज सीधे शिवनंदनपुर पहुंचे और थाना के सामने धरना पर बैठ गए। राजनीतिक रूप से उठाए गए इस बड़े कदम की खबर देखते ही देखते समूचे छत्तीसगढ़ में फैल गई। सूरजपुर के अलावा सरगुजा जिले से पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भीड़ धरना स्थल पर जुटने लगी। इसी बीच मंगलवार देर रात पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव धरना स्थल पहुंच गए। उनके पहुंचते ही उत्तर छत्तीसगढ़ की सियायत और भी सरगर्म हो गई। दूसरे दिन पूर्व सीएम भूपेश बघेल धरना स्थल पहुंचे। धरना स्थल पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे और कार्यकर्ताओं को जोशीले अंदाज में संबाेधित किया।

