CG Rain-Hailstorm: रायपुर में आंधी-बारिश के साथ गिरे ओले, कई जगहों पर बिजली गुल, मौसम विभाग की चेतावनी, 3 दिनों तक ऐसे ही रहेगा मौसम

CG Rain-Hailstorm: रायपुर। राजधानी रायपुर में देर शाम तेज आंधी-तूफ़ान के साथ जबरदस्त ओलावृष्टि हुई। झमाझम बारिश की वजह से शाम को चुभने वाली गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली। रायपुर में लंबे समय बाद ओलावृष्टि देखने को मिली, जिससे मौसम और भी सुहावना हो गया।
दरअसल, दोपहर बाद रायपुर में अचानक तेज हवाएं चलनी शुरू हुई और देखते ही देखते काले बादल छा गए। थोड़ी देर बार तेज आंधी के साथ जोरदार बारिश और ओलावृष्टि होने लगी। हवा इतनी तेज थी कि शंकर नगर, वीआईपी रोड, मरीन ड्राइव और तेलीबांधा के क्षेत्रों में पेड़ों से शखांए टूटकर रोड पर जा गिरी।
कई जगहों पर बिजली के तार भी टूटकर गिर गए, जिसकी वजह से क्षेत्र की लाइट गोल रही। साथ ही सड़कों पर पानी भर जाने से आने-जाने वाले वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मौसम में हुए बदलाव से भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली। हालांकि तेज आंधी और ओलावृष्टि की वजह से शहर की रफ़्तार धीमी हो गई।
अगले 3 दिनों तक तेज हवाओं, बिजली और हल्की बारिश
रायपुर मौसम विभाग की माने तो अगले 3 दिनों तक तेज हवाओं, बिजली गिरने और हल्की बारिश के साथ गरज-चमक वाली गतिविधि जारी रहने की संभावना है। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने तत्पश्चात अगले 4 दिनों में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।
वहीँ, दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई को केरल में प्रवेश करने की संभावना है, जिसमें मॉडल त्रुटि 4 दिन की हो सकती है। दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्पष्ट रूप से चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र आज भारतीय समयानुसार सुबह 8:30 बजे उसी क्षेत्र में निम्न दबाव क्षेत्र के रूप में बना रहा। इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 4.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है और ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुकता जा रहा है। मध्य उत्तर प्रदेश और उसके आसपास के इलाकों में एक चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है और यह समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है।
कल का उत्तरपूर्वी विदर्भ और आसपास के इलाकों में बना चक्रवाती परिसंचरण अभी भी जारी है और अब यह समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक देखा जा रहा है।
रायपुर शहर के लिए पूर्वानुमान
17 मई को आकाश आंशिक मेघमय रहने तथा वर्षा या गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 41 डिग्री सेल्सियस और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
जानिए आज का तापमान
लालपुर रायपुर में 35.8
माना एयरपोर्ट 35.5
बिलासपुर 34.4
पेंड्रारोड 35.5
अंबिकापुर 35.4
जगदलपुर 38.6
दुर्ग 37.4

