CG News: RTO ऑफिस पहुंचे डॉ महंत, लाइन में लगकर ड्राइविंग लाइसेंस का कराया नवीनीकरण, सभी कर्मचारियों, अधिकारियों को आभार भी जताया

इमेज सोर्स- NPG News
बिलासपुर।11 मई 2026| छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत अल्प प्रवास पर सोमवार को बिलासपुर पहुंचे, शहर आने के बाद उनका काफिला सीधे लगरा स्थित आरटीओ कार्यालय का रुख किया। आरटीओ कार्यालय परिसर में काफिला रुका, डॉ महंत अपने वाहन से उतरे और सीधे कार्यालय की ओर रुख किया। वे अपने ड्राइविंग लाइसेंस का नवीनीकरण कराने कार्यालय पहुंचे थे।
अधिकारी व कर्मचारियों से मुलाकात की और नवीनीकरण की प्रक्रिया आम वाहन चालकों की तरह कराने की बात कही। लाइन में लगकर फोटो खिंचवाया और उसके बाद डिजिटल सिग्नेचर के लिए कतार में खड़े होकर इंतजार किया। अपनी बारी आने पर डिजिटल सिग्नेचर किया। इस दौरान अधिकारी व कर्मचारी हिचकते रहे, पूरी प्रक्रिया उनको बैठाकर करने का आग्रह किया। पर उन्होंने सहजता के साथ इंकार कर दिया। पूरी प्रक्रिया निपटाने के बाद डॉ महंत ने अधिकारियों व कर्मचारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया और प्रवास के लिए निकल पड़े।
फेसबुक वॉल पर डॉ महंत ने ये लिखा
डॉ महंत ने अपने फेसबुक वॉल पर लिखा है, आज बिलासपुर स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) पहुँचकर, नियमानुसार अपने ड्राइविंग लाइसेंस के नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी की। एक जागरूक नागरिक के रूप में नियमों का पालन करना और समय पर दस्तावेज़ों को अपडेट रखना हम सबकी ज़िम्मेदारी है। आरटीओ कार्यालय में व्यवस्था और सहयोग के लिए धन्यवाद। सोशल मीडिया में डॉ महंत की सहजता और सरलता को लेकर उसी अंदाज में लोग स्वीकार कर रहे हैं।

