जनगणना करने गए शिक्षक को शराबी ने तीन बार पीटा, पीछा कर दौड़ाया भी, शराबी के खिलाफ पुलिस ने किया FIR

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News
बिलासपुर।03 मई 2026| एक मई से प्रदेश में जनगणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए जनगणना कर्मी घर- घर पहुंचने लगे हैं। ऐसे ही एक शिक्षक जनगणना करने गांव में पहुंचे तो न केवल उनसे तीन बार मारपीट कर दी गई, बल्कि पीछा कर डराने का प्रयास किया गया।
जनगणना काम के लिए बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। राज्य शासन और प्रशासन ने जनता से इस काम में पूरा सहयोग देने को भी कहा है। इसके विपरीत एक गांव में जनगणना कर्मी के रूप में गए शिक्षक को विपरीत परिस्थितियों का सामना करना पड़ गया। भयभीत शिक्षक ने थाने में एफआईआर करा दी है।
जनगणना से संबंधित बुरी खबर जिले के बिल्हा विकासखंड के ग्राम घोघरा से आई है। वहां पहुंचे शिक्षक को जान से मारने की धमकी दी गई और तीन बार मारपीट तक कर दी गई। बताया जाता है, बिल्हा विकासखंड के सरकारी पूर्व माध्यमिक स्कूल उड़नताल में पदस्थ नेतराम पैकरा को जनगणना का जिम्मा दिया गया है। उनका निवास ग्राम दगौरी में है। नेतराम जनगणना करने के लिए ग्राम घोघरा गए थे। वहां ग्रामीणों के घरों में उन्हें जाना था। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसर नेतराम ग्राम घोघरा के मकान नंबर 0077 में गए और प्रपत्र पर जानकारी लेकर भर रहे थे। इस बीच एक ग्रामीण निर्मल ने बिना कुछ बात किए सीधे नेतराम को तमाचा मार दिया। फिर गाली- गलौज कर सवाल-जवाब करने लगा। इस पर शिक्षक ने तहसीलदार से जारी आईडी कार्ड तक दिखा दिया। फिर भी निर्मल ने कहा, ऐसे कार्ड बन जाते हैं और फिर से मारपीट की।
जनगणना का काम बंद कर शिक्षक पंचायत भवन चला गया और वहां सरपंच को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इस बीच निर्मल पंचायत भवन भी आ गया और फिर से शिक्षक के साथ मारपीट कर दी। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच- बचाव किया। आरोपी ने शिक्षक को पंचायत भवन के बाहर भी देख लेने और जान से मारने की धमकी दे दी। शिक्षक उस गांव से निकल कर अपने घर जाने लगा तो आरोपी ने बाइक से भी ग्राम चुराघाट तक पीछा करने का प्रयास किया। इससे शिक्षक बुरी तरह घबरा गया। शिक्षक ने घटना की जानकारी अपने उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद थाने पहुंच कर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। बताया गया है, आरोपी ने शराब पी रखी थी। पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई शुरू कर दी है और कहा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद जनगणना कर्मियों में आक्रोश
मारपीट की इस घटना को लेकर जनगणना कर्मियों में आक्रोश है और पुलिस से कड़ी कार्रवाई की अपेक्षा की गई है। जनगणना कर्मियों को घर- घर जाना है और ऐसे में वे अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गए हैं। पुलिस थाने में घटना के शिकार शिक्षक को कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है।

