Raipur News: बच्चों से भरी बस को तेज रफ़्तार ट्रक ने मारी टक्कर, मचा हड़कंप…

Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ़्तार ट्रक ने स्कूली बच्चों से भरी बस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के दौरान बस के अंदर 20 से 25 बच्चे सवार थे। घटना के तत्काल बाद मौके पर राहगीर पहुंचे और स्कूली बच्चों को बस से निकाल कर दूसरे वहां से उनके घर भेजा गया। घटना खरोरा थाना क्षेत्र की है।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक घटना खरोरा थाना क्षेत्र की है। होली हार्ट स्कूल की बस बच्चों को लेकर स्कूल से उनके घर छोड़ने के लिए निकली थी। इसी दौरान तिल्दा रोड, चिकन मार्केट के पास एक बच्चे को उतारने के लिए स्कूली बस सड़क किनारे रूकी हुई थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ़्तार से आ रहे ट्रक ने बस को टक्कर मार दी।
हादसे में बस का गेट पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर उखड़ गया। घटना के दौरान बस में बैठे बच्चों में चीख-पुकार मच गई। इधर जानकारी मिलते ही राहगीर बस के पास पहुंचे और तत्काल बच्चों को सुरक्षित बस के बाहर निकाला गया। साथ ही बच्चों को दूसरी वाहन से उनके घर भेजा गया।
वहीं, इस हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में लिया। साथ ही आरोपी ट्रक ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
इस हादसे के बाद ग्रामीणों में जमकर नाराजगी देखी गई। लोगों ने मांग की है कि जल्द ही आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर सजा दी जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कार्रवाई कर रही है। हादसे में सभी बच्चे सकुशल है, जिन्हें उनके घर पहुंचा दिया गया है।
