CG Road Accident: सड़क हादसे में दूसरी मौत: इलाज के दौरान सेंट्रल यूनिवर्सिटी के छात्र की मौत, एक और युवक की हालत गंभीर…

CG Road Accident: बिलासपुर। गुरुवार देर रात छत्तीसगढ़ के बिलासपुर नूतन चौक के पास भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। हाइवा और कार की टक्कर में युवती की मौके पर ही मौत हो गई थी। छात्र का इलाज के दौरान कुछ समय पहले मौत हो गई है। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। ओवरटेक करते वक्त कार को पीछे से आ रहे हाईवे ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा उस वक्त हुआ जब कार सवार ओवरटेक करते हुए आगे निकलने की कोशिश कर रहे थे, उसी वक्त पीछे से आ रहे रेत से भरे हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा गुरुवार रात करीब 11.30 बजे सरकंडा थाना क्षेत्र के इंदिरा विहार गेट के सामने हुआ। जानकारी के मुताबिक कार में चार लोग सवार थे, जो पार्टी के बाद होटल से घर लौट रहे थे। कार चालक ने मुरुम से भरे हाइवा को ओवरटेक किया और अचानक ब्रेक लगाने पर पीछे से आ रहे हाइवा ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का बायां हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में पीछे की सीट पर बैठी युवती अंशु को गंभीर चोटें आईं, जिसे तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं इलाज के दौरान एक और युवक हिमांशु राठौर (उम्र 25 वर्ष) ने भी दम तोड़ दिया। हिमांशु जांजगीर-चांपा जिले का निवासी था और गुरु घासीदास विश्वविद्यालय GGU का छात्र बताया जा रहा है। हादसे में घायल दो अन्य युवकों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों का इलाज सिम्स में चल रहा है।
सरकंडा थाना पुलिस के अनुसार देर रात नूतन चौक पर कार और हाइवा की टक्कर हुई है, जिसमें अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और दो घायल हैं। मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी, जिससे नूतन चौक पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया और भीड़ हटाकर यातायात बहाल कराया।
