CG News: पीएम विजिट में रिजर्व रखे गए हेड कांस्टेबल की मौत, बीपी की दवाई खाने के बाद चक्कर आया, प्रायवेट अस्पताल में तोड़ा दम, शव गृह ग्राम रवाना…

CG News: रायपुर। छत्तीसगढ़ गठन के 25वें वर्ष में आज राजधानी में राज्योत्सव का रजत जयंती वर्ष मनाया जा रहा है। राज्योत्सव की शुरुआत खुद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ आकर की है। इसी बीच एक दुखद खबर सामने आई है। वीवीआईपी ड्यूटी के लिए कांकेर से रायपुर आए प्रधान आरक्षक की इलाज की मौत हो गई है। तबीयत बिगड़ने पर प्रधान आरक्षक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार प्रधान आरक्षक क्रमांक 291 फुलजेंस पन्ना (61) की पदस्थापना कांकेर जिले में थी। वीवीआइपी ड्यूटी में वह रायपुर आए थे। वह रिजर्व बल ड्यूटी में थे। फुलजेंस पन्ना को बीपी की शिकायत थी। आज 1 नवंबर की सुबह नाश्ते के बाद दवा खाने के पश्चात उन्हें सर दर्द होने लगा और चक्कर आने लगा। अन्य स्टाफ ने उन्हें पुलिस अस्पताल में प्राथमिक उपचार करवाने के बाद रामकृष्ण प्रसाद रायपुर रेफर किया। जहां इलाज के दौरान सुबह 10:30 उन्होंने दम तोड़ दिया।
प्रधान आरक्षक की मौत के संबंध में टिकरापारा थाना रायपुर में मर्ग क्रमांक 43/25 धारा 194 बीएनएस दर्ज कर पंचनामा कार्यवाही में लिया गया। इसकी सूचना जिला कांकेर और रायपुर के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। मेकाहारा में शव का पीएम करवाने के बाद परिजनों को पार्थिव शरीर सौंप दिया गया है।
पैतृक गांव में किया जाएगा दाह कर्म
मिली जानकारी के अनुसार प्रधान आरक्षक का गृहग्राम कुनकुरी ब्लॉक जिला जशपुर में है। मृतक के परिजनों को सहायक उप निरीक्षक राजकुमार सिन्हा, आरक्षक 1215 गौतम,आरक्षक 565 संजय,आरक्षक 747 भागीराम जिला कांकेर एवं एंबुलेंस वाहन के साथ पार्थिव शरीर ग्राम कुनकुरी जिला जशपुर रवाना किया गया।

