ऑनलाइन लूडो खेल रही थी पत्नी पति ने गला घोटकर उतार दिया मौत के घाट
![ऑनलाइन लूडो खेल रही थी पत्नी पति ने गला घोटकर उतार दिया मौत के घाट](https://newsastha.com/wp-content/uploads/2022/05/WhatsApp-Image-2022-05-15-at-10.08.12-AM.jpeg)
देहरादून। हरभजवाला में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। पत्नी के मोबाइल पर आनलाइन लूडो खेलने और गेम पार्टनर से बात करने से पति नाराज था। हत्या को अंजाम देने के बाद पति ने पुलिस चौकी में आत्मसमर्पण कर दिया। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की मेहूंवाला में चाय की दुकान है।
पटेलनगर कोतवाली निरीक्षक रविंदर यादव ने बताया कि हरभजवाला निवासी सवाना की 15 साल पहले चंगेज खान के साथ शादी हुई थी। सवाना की दो बेटियां व एक छोटा बेटा है। सवाना मोबाइल पर आनलाइन लूडो खेलती थी, जिसमें वह अपने गेम पार्टनर से बातचीत भी करती थी।
यह बात पति चंगेज खान को पसंद नहीं थी। उसने कई बार पत्नी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। शुक्रवार रात दोनों के बीच गेम को लेकर झगड़ा हो गया। शनिवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे चंगेज खान ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद वह करीब सुबह सात बजे आइएसबीटी पुलिस चौकी पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया।