Dhamtari News: स्कूल में छात्र की पिटाई, दीवार फांदकर घुसा सनकी, मासूम को डंडे से पीटकर जमीन पर घसीटा

सोर्स- इंटरनेट, एडिट- npg.news
Dhamtari News: स्कूल में छात्र की पिटाई, दीवार फांदकर घुसा सनकी, मासूम को डंडे से पीटकर जमीन पर घसीटा
School Me Chatra Ki Pitai: धमतरी, छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के एक सरकारी स्कूल में छात्र की पिटाई का मामला सामने आया है। यहां एक सनकी व्यक्ति स्कूल में घुस आया और बच्चे की डंडे से पिटाई कर फरार हो गया, जिसके कारण छात्र बुरी तरह से घायल हो गया। घटना ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं छात्र के परिजनों ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह पूरा मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र का है।
जानिए क्या है पूरा मामला
अर्जुनी थाना क्षेत्र में स्थित एक सरकारी स्कूल में एक 8 साल का बच्चा उस वक्त सहम गया, जब एक सनकी व्यक्ति ने स्कूल में घुसकर उसकी डंडे से पिटाई कर दी। इस पिटाई में बच्चे के चेहरे, पैर और पीठ में गंभीर चोट आई है। वहीं जब इस घटना की जानकारी छात्र के परिजनों को लगी, तो उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।
डंडे से पीटने के बाद जमीन पर घसीटा
छात्र के पिता चेतन निर्मलकर ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा भानपुरी सरकारी स्कूल में कक्षा तीसरी का छात्र है। 16 फरवरी को वह दोपहर में स्कूल में खाना खाकर बाथरूम जा रहा था , तभी गांव का ही डोमार ध्रुव दीवार फांदकर स्कूल में घुस आया और उसके बेटे को पकड़कर पीट दिया। डंडे से पीटने के बाद उसे जमीन पर घसीटा, जिसके चलते उसके चेहरे, पैर और पीठ में गंभीर चोट आई है।
मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। वहीं छात्र के पिता ने डोमार ध्रुव के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करा दी है और सख्त कार्रवाई की मांग भी की है ताकि आगे भविष्य में ऐसी घटना न हो। पुलिस के अनुसार, डोमार ध्रुव मानसिक रूप से कमजोर है, जिसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी।

