CG Teacher Suspended: प्रधान पाठक सस्पेंडः डीईओ की कार्रवाई, जानिए क्यों किए गए निलंबित…

CG Teacher Suspended: कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पदस्थ प्रधान पाठक को निलंबित कर दिया गया है। प्रधान पाठक पर कर्तव्य में लापरवाही बरतने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने यह कार्रवाई की है। प्रधान पाठक का नाम शोभा राम ध्रुव है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी कोयलीबेड़ा नियत किया गया है।
जानिए पूरा मामला
जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार निषाद द्वारा विकासखण्ड नरहरपुर के प्राथमिक शाला डोकरानाला के प्रधान पाठक शोभा राम ध्रुव को कर्तव्य में लापरवाही बरतने व अनुशासनहीनता के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी नरहरपुर द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार प्राथमिक शाला डोकरानाला के प्रधान पाठक शोभा राम ध्रुव मदिरापान की अवस्था में विद्यालय में उपस्थित पाए गए थे।
छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के उप नियम 1,2,3 का गंभीर उल्लंघन करने के कारण जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम (9) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी कोयलीबेड़ा नियत किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
जिले के सभी ग्राम पंचायतों में 30 जुलाई को विशेष ग्राम सभा का आयोजन
राज्य शासन द्वारा दिए गए निर्देशानुसार आगामी 30 जुलाई 2026 को जिले के सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। उक्त ग्राम सभा में 16वें वित्त आयोग अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्मित ग्राम पंचायत विकास योजना का अनुमोदन किया जाना है। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा ग्राम सभा में लिए गए निर्णयों की अधिकतम 15 मिनट की वीडियो रिकार्डिंग करने तथा वीडियो को ग्राम सभा निर्णय (GS NIRNAY) मोबाइल ऐप में अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।
भारत सरकार पंचायती राज मंत्रालय द्वारा ग्राम सभाओं की कार्यवाही का ए.आई. आधारित कार्यवाही विवरण तैयार करने हेतु नवीन पोर्टल ‘‘सभासार’’ बनाया गया है। सभी ग्राम पंचायतों में इस पोर्टल का उपयोग करते हुए कार्यवाही विवरण करने के लिए कहा गया है। साथ ही ग्राम सभा के गतिविधियों को वाइब्रेंट ग्राम सभा पोर्टल https://meetingonline.gov.in/ एवं जीपीडीपी पोर्टल में शत-प्रतिशत अपलोड कराने के भी निर्देश सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए गए हैं।

