CG: स्कूटी में आग लगाने और युवक की जलकर मौत मामले में बड़ा खुलासा, आरोपी गिरफ्तार…

रायपुर। रायपुर के सरस्वती नगर क्षेत्र में स्कूटी में आग लगाने और युवक की जलकर मौत मामले में एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी ने ही स्कूटी में आग लगा दी थी। आगजनी की चपेट में आकर साकिब रजा की जलकर मौत हो गई थी। मामले में आरोपी मुकेश निषाद को गिरफ्तार किया गया। साथ ही आज इस पूरे मामले का पुलिस ने खुलासा भी किया।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, थाना सरस्वती नगर में धारा 194 बीएनएसएस की जांच के दौरान मृतक साकिब रजा के परिजनों व उसके साथियों का बयान दर्ज किया गया था। जांच में पाया गया कि आरोपी मुकेश निषाद ने अपनी ओला स्कूटी क्रमांक सीजी 04 क्यू जेड 2338 को 12 जुलाई को अपने दोस्त साकिब रजा को चलाने के लिए दिया था। इस बात को लेकर आरोपी की मां ने उसे काफी डांट-फटकार लगाई थी, जिससे वह नाराज और आक्रोशित हो गया।
इसके बाद आरोपी अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल से सुयश अस्पताल के सामने स्थित मैदान कोटा रायपुर पहुंचा। वहां गुस्से में आकर अपनी स्कूटी पर पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया। इसी दौरान मृतक साकिब रजा ने आरोपी को वाहन में आग लगाने से रोकने की कोशिश किया और स्कूटी के ऊपर लेट गया।
इसके बाद भी गुस्साए आरोपी ने वाहन में आग लगा दी, जिससे स्कूटी के साथ-साथ साकिब रजा भी गंभीर रूप से झुलस गया। घायल साकिब रजा को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 17 जुलाई को उसकी मौत होआ गई।
जांच के दौरान सबूत और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) के तहत अपराध पाया गया। साथ ही थाना सरस्वती नगर में धारा 105 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जाँच में लिया गया।
थाना सरस्वती नगर पुलिस की टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए आरोपी मुकेश निषाद को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी
मुकेश निषाद पिता पन्नालाल निषाद 21 वर्ष निवासी रामजी हलवाई गली, रामसागर पारा, थाना आजाद चौक, रायपुर।

