Bilaspur Accident News: अंधेरे में सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर से टकराई यात्री बस, एक दर्जन यात्री घायल…

Bilaspur Accident News: बिलासपुर। बिलासपुर जिले में रतनपुर-कोरबा नेशनल हाईवे किनारे ब्रेक डाउन खड़ी ट्रेलर से तेज रफ्तार बस टकरा गई। इस भीषण हादसे में 12 यात्रियों को चोटें आई है। जिसमें पांच यात्रियों की हालत गंभीर है। घायलों को रतनपुर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक इलाज के बाद घायलों को सिम्स रेफर किया गया। सिम्स में सभी यात्रियों का इलाज जारी है। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है।
रतनपुर पुलिस ने बताया कि रतनपुर-कोरबा नेशनल हाईवे किनारे ट्रेलर क्रमांक सीजी 12 एडब्ल्यू 3236 ब्रेकडाउन की स्थिति में खड़ी थी। मंगलवार की सुबह रॉयल बस सीजी 06 जीवाई 8153 ने बिहार से रायपुर जा रही थी। बस में 25 लोग सवार थे। सुबह साढ़े 5 बजे दर्री पारा बाईपास के पास पहुंची थी। सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर पर बस चालक की नजर नहीं पड़ी और तेज रफ्तार से ट्रेलर को पीछे से टक्कर मार दी। घटना से यात्रियों के बीच हडक़ंप मच गई। बस चालक के आसपास बैठने वाले लोगों को चोटें आई है। हेल्पर व चालक समेत 12 लोग घायल हैं। वहां से गुजरने वाले राहगिरों ने रतनपुर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम तत्काल मद करने घटना स्थल पहुंची। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 4 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
तहसीलदार व टीआई भी पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर तहसीलदार शिल्पा भगत और रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडे भी तत्काल घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। मरीजों के हालचाल पूछे। गंभीर मरीजों का बेहतर इलाज करने के लिए डॉक्टर से चर्चा की। डॉक्टरों ने बताया कि सभी यात्रियों को समान्य चोटें आई है। खतरे की कोई बात नहीं है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
घायलों के नाम
सुरेंद्र विश्वकर्मा, हेल्पर कमालुद्दीन अंसारी, ड्राइवर, राजेश्वर राम, दीपक कुमार, सनोज यादव, मंजय कुमार
राकेश कुमार सिंह, कु. सलोनी सिंह, सुनीता सिंह, शाहजहां खातून, चिंता कुमारी, अशरफी सिंह को चोटें आई हैं। घायलों में सुरेन्द्र विश्वकर्मा, मंजय कुमार, कमालुद्दीन अंसारी, राकेश कुमार सिंह और सलोनी सिंह को बेहतर उपचार के लिए सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।
मामले में एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि सडक़ किनारे ब्रेक डाउन ट्रेलर से यात्री बस की टक्कर हो गई है। पांच यात्रियों ज्यादा चोटे लगीं हैं। बाकी यात्री सामान्य रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक इलाज के बाद ठीक हो गए हैं। घटना से कोई ज्यादा हताहत नहीं हुआ है। घायलों को बेहतर इलाज के लिए सिम्स भेज दिया गया है।
सडक किनारे खड़ी गाडिय़ों से टकराने से 60 हादसे हुए
जिले में सडक़ किनारे खड़ी गडिय़ों से हर साल टकराने की घटना होती है। ट्रक, ट्रेलर, हाइवा चालक लापरवाही पूर्वक सडक़ किनारे वाहन खड़े कर देते हैं। लोगों को अलर्ट करने के लिए बैक लाईट भी जलाते नहीं हैं। अंधेरे में गाडिय़ां नजर नहीं आती है। ऐसी घटना से कुछ लोग घायल हुए हैं और कइयों की मौत भी हो गई। साल 2024 को 60 हादसे ऐसे हुए हैं, जो सडक़ किनारे खड़ी गाडिय़ों से टकराई है। इससे 30 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 90 लोग घायल हुए हैं। ज्यादातर गाडिय़ां होटल, ढाबों के आसपास खड़ी रहती है। दूसरी ओर ट्रैफिक पुलिस वाहनों को हटाने के लिए विशेष पहल भी नहीं करती है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल पहुंचे सिम्स
घटना की सूचना मिलते ही सिम्स के डीन डॉ. रमणेश मूर्ति व एमएस डॉ. लखन सिंह सुबह से ही अस्पताल पहुंच गए और स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी की। आपातकालीन सेवाओं को तत्काल सक्रिय करते हुए ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों के साथ-साथ अन्य विभागों के डॉक्टरों को भी इमरजेंसी कॉल कर अस्पताल बुलाया गया। घायलों के त्वरित और प्रभावी इलाज के लिए एक्स-रे, सीटी स्कैन, ब्लड जांच सहित सभी आवश्यक जांचें निशुल्क की गई। गंभीर रूप से घायल मरीजों को विशेष निगरानी में रखते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा लगातार उपचार किया जा रहा है। इस दौरान बिलासपुर जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल भी सिम्स पहुंचे और वार्ड में भर्ती घायलों से मिले। उन्होंने मरीजों व उनके परिजनों से बातचीत कर उपचार की जानकारी ली। अस्पताल प्रशासन को घायलों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सिम्स के डीन रमणेश मूर्ति ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल की सभी आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट कर दिया गया। घायलों को तत्काल और समुचित इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
वही एमएस डॉक्टर लखन सिंह ने सिम्स में सभी घायलों का उपचार पूरी संवेदनशीलता के साथ किया जा रहा है। गंभीर मरीजों की स्थिति पर विशेषज्ञ टीम लगातार निगरानी रखे हुए है।

