पटवारी के खिलाफ फूटा विधायक व ग्रामीणों का गुस्सा, MLA की अगुवाई में ग्रामीणों ने घेरा कलेक्टोरेट, पटवारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग

पटवारी के खिलाफ फूटा विधायक व ग्रामीणों का गुस्सा, MLA की अगुवाई में ग्रामीणों ने घेरा कलेक्टोरेट, पटवारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News

बिलासपुर। 6 अप्रैल 2026| छत्तीसगढ़ के कोटा विधानसभा क्षेत्र के आमागोहन गांव के पटवारी की बेपरवाही से नाराज ग्रामीणों ने विधायक अटल श्रीवास्तव की अगुवाई में सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंचे और कलेक्टोरेट का घेराव कर दिया। नाराज विधायक ने कलेक्टर संजय अग्रवाल से मिलकर पटवारी व लापरवाह राजस्व अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

विधायक अटल श्रीवास्तव के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने आरोप लगाया, पटवारी अंकित स्वर्णकार द्वारा लगातार लापरवाही बरती जा रही है और किसानों के कार्यों में भारी अनियमितताएं की जा रही हैं। राजस्व संबंधी कार्यों के लिए उन्हें महीनों तक दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते हैं। विधायक अटल श्रीवास्तव ने जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा, यदि जल्द ही पटवारी और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

​बता दें, ग्रामीणों के साथ विधायक द्वारा कलेक्टोरेट घेराव की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई थी। घेराव के बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल ने विधायक और प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। कलेक्टर ने ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है, आमागोहन गांव की राजस्व संबंधी समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

पटवारी पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा, पटवारी अंकित स्वर्णकार न तो मुख्यालय में उपलब्ध रहते हैं और न ही किसानों की समस्याओं को सुनते हैं। ग्रामीणों का आरोप है, जमीन संबंधी सीमांकन और नामांतरण जैसे कार्यों के लिए बेवजह प्रकरणों को लटकाया जा रहा है। विधायक अटल श्रीवास्तव ने कलेक्टर के समक्ष साक्ष्य प्रस्तुत करते हुए कहा, पटवारी की कार्यशैली से शासन की छवि धूमिल हो रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *