CG Weather Update: चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर, 2 नवंबर तक तेज हवाओं की चेतावनी, इन जिलों में होगी भारी बारिश

CG Weather Update: चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर, 2 नवंबर तक तेज हवाओं की चेतावनी, इन जिलों में होगी भारी बारिश

फोटो सोर्स- गूगल 

CG Weather Update (30 October 2026): छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर अब भी देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, इसके बचे हुए हिस्से से बना अवदाब कमजोर हो रहा है, इसके बावजूद राज्य में बारिश की संभावना बनी हुई है। 30 अक्टूबर को प्रदेश के कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद बनी हुई है। वहीं, कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। बता दें कि मौसम विभाग (IMD) ने 1 और 2 नवंबर को भी बारिश के साथ तेज हवाओं और वज्रपात (बिजली गिरने) का अलर्ट जारी किया है।

आज विभिन्न स्थानों पर होगी बारिश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार यानी आज छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती हैं। कुछ इलाकों में तो गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। दरअसल, चक्रवात अर्नब से बचे हुए हिस्से से बने मौसमी सिस्टम का असर प्रदेश में देखने को मिल सकता है। जिसका सबसे ज्यादा प्रभाव मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ पर पड़ने की संभावना है।

1 और 2 नवंबर को तेज हवाओं की चेतावनी

IMD ने 1 और 2 नवंबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान बिजली गिरने के साथ 40 से 50 Km/h की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से इन दो दिनों में सतर्क रहने की अपील की है।

3 और 4 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम?

मिली जानकारी के मुताबिक, 3 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 4 नवंबर को कुछ स्थानों पर ही बारिश की संभावना है। इन दोनों दिनों के लिए मौसम विभाग ने कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया है।

बीते 24 घंटे का हाल

अर्नब तूफान का असर छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों के तापमान पर भी पड़ा हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में दर्ज किया गया है, जो 27.8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। वहीं, सबसे कम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में दर्ज किया गया।

बारिश की बात की जाए तो पिछले 24 घंटे में राजनांदगांव में 43 मिलीमीटर बारिश और पेंड्रारोड में 40.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई हैं। वहीं, रायपुर के लालपुर में 36.9 मिलीमीटर और माना एयरपोर्ट पर 33 मिलीमीटर बारिश हुई। बिलासपुर में 22.6 मिलीमीटर, दुर्ग में 27.2 मिलीमीटर व जगदलपुर में 31.6 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में दिनभर मूसलाधार बारिश देखने को मिली। खासकर सरगुजा संभाग के इलाकों में हुई मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को भी प्रभावित किया।

अब कमजोर पड़ेगा तूफान ‘अर्नब’

अर्नब तूफान का असर अब धीरे-धीरे कम हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बॉर्डर पर जो बादलों का भारी दबाव बना था, वह अब उत्तर दिशा की तरफ बढ़ रहा है। 29 अक्टूबर की सुबह यह सिस्टम जगदलपुर से करीब 40 किलोमीटर दूर उत्तर-पश्चिम इलाके में था।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह सिस्टम अब कमजोर पड़कर हल्के कम दबाव के क्षेत्र में बदल जाएगा। हालांकि, इसके कमजोर होने के बाद भी छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रह सकता है।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *