Balodabazar-Bhatapara: अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझी, पड़ोंसी ने ही पत्थर, डंडे से हमला कर उतार दिया था मौत के घाट

बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले के सिंगारपुर स्थित बड़े तालाब के पास मिली लाश की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पड़ोसी ने ही हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, 19 सितम्बर की रात ग्राम सिंगारपुर में बड़े तालाब के पास राजाराम साहू उर्फ चोंटी का लहूलुहान शव बरामद हुआ था। अज्ञात आरोपी द्वारा भारी पत्थर और डंडे से मृतक के सिर व चेहरे को बुरी तरह कुचलकर नृशंस हत्या कर दी गई थी। प्रार्थी सुखदेव साहू की रिपोर्ट पर थाना भाटापारा ग्रामीण में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) BNS के तहत मामला पंजीबद्ध कर जाँच शुरू की गई।
एसपी गौरव राय के कुशल निर्देश पर साइबर सेल और थाना भाटापारा ग्रामीण की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान मृतक और गांव के ही रामप्रसाद साहू के बीच पूर्व से आपसी विवाद व रंजिश की जानकारी मिली। संदेह के आधार पर 21 सितम्बर को हिरासत में लिए जाने पर आरोपी रामप्रसाद ने घटना में अपनी किसी भी संलिप्तता से साफ इंकार कर दिया।
जाँच टीम ने पेशेवर कार्यप्रणाली अपनाते हुए आरोपी के पहने गए कपड़े व संदिग्ध लकड़ी का डंडा जब्त कर जाँच के लिए राज्य फॉरेंसिक साइंस प्रयोगशाला (SFSL) रायपुर भेजा।
जाँच में खुलासा
12 अक्टूबर को SFSL रायपुर से प्राप्त डीएनए परीक्षण रिपोर्ट ने इस मामले में निर्णायक मोड़ दिया। जाँच में यह पूरी तरह सिद्ध हुआ कि आरोपी के कपड़ों और डंडे पर मौजूद खून मृतक राजाराम साहू का ही था। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने पुरानी रंजिश व आपसी विवाद के चलते पत्थर व डंडे से राजाराम साहू की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
रामप्रसाद साहू पिता स्व. जगदीश साहू उम्र: 45 वर्ष निवासी: ग्राम सिंगारपुर, थाना भाटापारा ग्रामीण,
जब्त सामान
1. घटना में प्रयुक्त खून आलूदा लकड़ी का डंडा।
2. घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए खून के धब्बे लगे कपड़े।
3. घटनास्थल से संबंधित संकलित भौतिक एवं फॉरेंसिक साक्ष्य।

