ब्लू वाटर खदान में डूबे युवक की तलाश: कल आएंगे इंडियन नेवी ईस्टर्न कमांड के जवान, आते ही शुरू करेंगे रेस्क्यू

ब्लू वाटर खदान में डूबे युवक की तलाश: कल आएंगे इंडियन नेवी ईस्टर्न कमांड के जवान, आते ही शुरू करेंगे रेस्क्यू

रायपुर। छत्तीसगढ़ नवा रायपुर के ब्लू वाटर खदान में डूबे युवक की तलाश के लिए रविवार को इंडियन नेवी ईस्टर्न कमांड विशाखापट्टनम से जवान आएंगे। यहां पहुंचने के तुरंत बाद रेस्क्यू अभियान शुरू करेंगे। बता दें, एक युवक की तलाश बीते दो दिनों से एसडीआरफ की टीम कर रही है। उनको अब तक युवक के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया है। खदान की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू में दिक्कतें आ रही है।

रायपुर के कलेक्टर गौरव सिंह ने NPG.NEWS को बताया, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस संबंध में चर्चा की है। आला अफसरों से हुई चर्चा के बाद इंडियन नेवी के ईस्टर्न कमांड विशाखापट्टनम से जवान रविवार को यहां पहुंचेंगे। यहां आने के तुरंत बाद रेस्क्यू अभियान चलाएंगे।

बता दें कि एसडीआरएफ की टीम बीते दो दिनों से लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है। खदान के गहरा हाेने और लबालब पानी भरा होने के कारण एसडीआरएफ की टीम को दिक्कतें आ रही है। एसडीआरएफ को जितनी गहराई में जाने की ट्रेनिंग मिलती है, खदान की गहराई बहुत ज्यादा है। इसके चलते तकनीकी और व्यवहारिक दोनों ही दिक्कतें आ रही है। रविवार को ईस्टर्न कमांड के जवान आएंगे और रेस्क्यू अभियान शुरू करेंगे।

पढ़िए कैसे घटी थी जानलेवा घटना?

राजधानी रायपुर के ब्लू वाटर खदान में एक युवक के डूबने का लाइव वीडियो बीते तीन दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर चल रहा है।। मौदहापारा का रहने वाला आदिल खान (24) अपने तीन दोस्तों के साथ बुधवार को खदान घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच खदान के एक छोर से दूसरे छोर तक तैरकर जाने की शर्त लगी।

आदिल और एक दोस्त दोनों पानी में कूद गए। दोस्त तो बाहर निकल आया, लेकिन आदिल गहरे पानी में चला गया और डूब गया। उसका अब तक कोई पता नहीं चल सका है। सामने आए वीडियो में आदिल डूबता नजर आया। बता दें कि ये ब्लू वाटर खदान माना थाना क्षेत्र के नकटी गांव के पास स्थित है, यहां पिछले 9 साल में 9 लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है।

अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू शुरू नहीं किया गया

आदिल को डूबता देख दोस्तों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही माना पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम से संपर्क किया। हालांकि, अंधेरा होने और खदान में पानी की अधिक गहराई के कारण रात में सर्च अभियान शुरू नहीं किया जा सका। गुरुवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने युवक की तलाश शुरू कर दी। पानी की गहराई ज्यादा होने के कारण टीम अब तक शव की तलाश नहीं कर पाई है।

ब्लू वाटर खदान में 9 साल में 9 मौतें

ब्लू वाटर खदान में डूबने की यह पहली घटना नहीं है। 2017 से अब तक यहां 9 लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है। आदिल का शव बरामद होने पर 2017 से अब तक ब्लू वाटर में डूबने से मौतों का आंकड़ा 10 हो जाएगा।

ब्लू वाटर खदान बना जानलेवा

31 अक्टूबर 2025 को टाटीबंध के छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल के 9 बच्चे स्कूल बंक कर यहां पहुंचे थे। नहाने के दौरान जयेश साहू और मृदुल गहरे पानी में डूब गए थे। दोनों के शव अलग-अलग दिनों में मिले थे।

इससे पहले 2017 में 17 वर्षीय सुनैना, मई 2019 में 17 वर्षीय मोहन बाघ, मार्च 2023 में दो युवक और जून 2023 में नदीम, फैजल व शहबाज की डूबने से मौत हुई थी।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *