CG पेपर लीक ब्रेकिंग: 36 घंटे, 100 से अधिक पुलिस की टीमें, प्रोफेसर समेत छह गिरफ्तार, राजधानी पुलिस ने ऐसे किया पेपर लीक कांड का खुलासा

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की कीटशास्त्र परीक्षा का पेपर लीक करने वाले मुख्य आरोपी प्रोफेसर सहित कुल 6 आरोपी को गिरफ्तार किया गया। घटना सामने आने के महज 36 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर पुलिस की सतत मॉनिटरिंग में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट व थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मामले को सुलझा लिया गया। आरोपी के खिलाफ थाना तेलीबांधा में धारा 4, 5 एवं 10 छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2008 तथा धारा 316 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
मुख्य आरोपी एवं मास्टरमाइंड है भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग का प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया।
100 से अधिक पुलिस टीमों ने 36 घंटे में किया पेपर लीक कांड का खुलासा।
कबीरधाम, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर एवं आसपास के जिलों में भेजी गई थीं पुलिस टीमें।
पेपर क्रय करने वाले सभी आरोपी है भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग के छात्र।
जानिए पूर मामला
दरअसल, प्रार्थी डॉ. एन. आर. रंगारे ने थाना तेलीबांधा में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं स्नातक परीक्षा प्रकोष्ठ प्रभारी के पद पर कार्यरत हैं। 20 अगस्त की सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक विश्वविद्यालय अंतर्गत सभी 28 कृषि महाविद्यालयों में बीएससी (कृषि) द्वितीय वर्ष द्वितीय सेमेस्टर के विषय एजीसीएच 221 (कीटशास्त्र) की परीक्षा निर्धारित थी। परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व ही 20 अगस्त की सुबह लगभग 8ः41 बजे कृषि महाविद्यालय व अनुसंधान केन्द्र, कवर्धा के ई-मेल पर तथा लगभग 8ः54 बजे संबंधित अधिकारियों के ई-मेल पर उक्त विषय का प्रश्न पत्र लीक होने संबंधी सूचना प्राप्त हुई। इसके अतिरिक्त, छात्रों व छात्र प्रतिनिधियों द्वारा विश्वविद्यालय को व्हाट्सऐप के माध्यम से प्रश्न पत्र के कुछ प्रश्नों के कंटेंट सहित वायरल होने की जानकारी दी गई।
शिकायतों के आधार पर प्रश्न पत्र सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित होने की पुष्टि हुई। किसी अज्ञात आरोपी द्वारा उक्त विषय का प्रश्न पत्र लीक कर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित किया गया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना तेलीबांधा में अपराध धारा 4, 5 व 10 छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2008 तथा धारा 316 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस व साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट व थाना प्रभारी तेलीबांधा को अज्ञात आरोपी की जल्द से जल्द पहचान कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए। एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट व थाना तेलीबांधा पुलिस सहित अन्य पुलिस बल की 100 से अधिक टीमों का गठन कर अज्ञात आरोपी की पतासाजी हेतु लगाया गया। गठित टीमों द्वारा प्रार्थी सहित परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विस्तृत पूछताछ कर महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्र की गईं।
एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की साईबर विंग द्वारा सोशल मीडिया एवं इंटरनेट पर वायरल प्रश्न पत्र, स्क्रीनशॉट, फोटो, मैसेज एवं पोस्ट का तकनीकी विश्लेषण किया गया। प्रश्न पत्र को सोशल मीडिया पर सबसे पहले किस अकाउंट, मोबाइल नंबर अथवा डिजिटल माध्यम से प्रसारित किया गया, इसकी जानकारी जुटाते हुए वायरल सामग्री की टाइमलाइन व प्रसारण की पूरी श्रृंखला का सूक्ष्मता से विश्लेषण किया गया। संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल नंबर, ग्रुप एवं आपसी डिजिटल संपर्कों की तकनीकी जांच के साथ उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों की गतिविधियों एवं लोकेशन का भी परीक्षण किया गया।
6 आरोपी गिरफ्तार
प्रकरण में प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों व पूछताछ से सामने आई जानकारियों का आपस में मिलान करते हुए पुलिस टीमों द्वारा मैदानी व तकनीकी पतासाजी की गई। अज्ञात आरोपी की पतासाजी एवं प्रश्न पत्र लीक होने के स्रोत तक पहुंचते हुये प्रकरण में अनुज मिंज निवासी दुर्ग के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा दुर्ग रवाना होकर अनुज मिंज को पकड़ा गया। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करते हुये कबीरधाम, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर एवं आसपास के जिलों में अलग-अलग टीमों को रवाना किया गया। पुलिस टीमों की लगातार 36 घंटे की कार्रवाई के दौरान प्रश्न पत्र लीक के आरोपी की पहचान कर खुलासा किया गया। कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
मुख्य आरोपी व मास्टरमाइंड प्रोफेसर
प्रकरण का मुख्य आरोपी एवं मास्टरमाइंड योगेश सोनकेसरिया है, जो भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, जिला दुर्ग में वर्ष 2019 से प्रोफेसर के पद पर पदस्थ है। पिछले लगभग एक वर्ष से वह कृषि महाविद्यालय, रायपुर में अपने महाविद्यालय की उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने एवं आगामी परीक्षाओं के प्रश्न पत्र प्राप्त कर उन्हें अपने कॉलेज तक ले जाने का कार्य कर रहा था।
ऐसे दिया पूरी घटना को अंजाम
17 अगस्त को आरोपी भारती एग्रीकल्चर कॉलेज दुर्ग की उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने हेतु जोरा स्थित कृषि महाविद्यालय रायपुर आया था। उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने के पश्चात आरोपी द्वारा आगामी एक सप्ताह में आयोजित होने वाली परीक्षाओं के प्रश्न पत्र प्राप्त किए गए। प्रश्न पत्र अपने कॉलेज ले जाने के बाद आरोपी ने सभी प्रश्न पत्रों के लिफाफे कॉलेज में रख दिए, लेकिन 20 अगस्त को आयोजित होने वाले एजीसीएच-221 (कीटशास्त्र) विषय के प्रश्न पत्र वाले लिफाफे को अपने साथ अपने घर ले गया। आरोपी ने अपने घर पर रखे प्रश्न पत्र के लिफाफे के साथ छेड़छाड़ करते हुए सुई एवं नुकीले उपकरण की सहायता से लिफाफे में छोटा छेद किया और छेद के माध्यम से मोबाइल कैमरा अंदर डालकर प्रश्न पत्र की वीडियो रिकॉर्डिंग की। इसके बाद प्रश्न पत्र की सामग्री की नकल तैयार कर उसे अपने कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र अजय नायक व अन्य दो छात्रों को कुल 11,000 रूपये में बेच दिया। इसके पश्चात आरोपी अजय नायक द्वारा उक्त प्रश्न पत्र त्रिदेव पटेल, नितिन पाण्डेय, अनुज मिंज एवं आदित्य साहू को उपलब्ध कराया गया।
नगदी, मोबाइल जब्त
सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्रकरण से संबंधित नगदी रकम 11,000 रूपये, 6 नग मोबाईल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाईस, केबल तार, मोबाईल कनेक्टर, सुई, सुजा एवं फेविकोल जब्त कर कार्रवाई की गई।
2 आरोपी फरार
प्रकरण में संलिप्त अन्य 2 आरोपी फरार हैं, जिनकी लगातार पतासाजी कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपियों से प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है और उनकी भूमिका के संबंध में भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
01. योगेश सोनकेसरिया पिता गुलाब चंद सोनकेसरिया उम्र 38 साल निवासी ग्राम भैरोगंज, तहसील, थाना व जिला सिवनी (म.प्र.)। हाल पता -चंदखुरी दुर्गा चौक थाना पुलगांव जिला दुर्ग।
02. अजय नायक पिता वीरेन्द्र कुमार नायक उम्र 20 साल निवासी ग्राम कुशभाटा पोस्ट नगरदा जिला बलौदा बाजार। हाल पता – मीनाक्षी नगर बोरसी जिला दुर्ग।
03. त्रिदेव पटेल पिता जगदीश पटेल उम्र 22 साल निवासी ग्राम कनकेवा थाना सरायपाली जिला महाससुंद। हाल पता – फेस 02 ब्लॉक ई 107 आनंद विहार जिला दुर्ग।
04. नितिन पाण्डेय पिता कुशल प्रसाद पाण्डेय उम्र 22 साल निवासी ग्राम आसना तामाकोनी थाना कोतवाली जिला बस्तर। हाल पता – मीनाक्षी नगर बोरसी जिला दुर्ग।
05. अनुज मिंज पिता रेनू मिंज उम्र 22 साल निवासी ग्राम पाकरगांव थाना पत्थलगांव जिला जशपुर। हाल पता – संजय साहू हॉस्टल पोटिया चौक जिला दुर्ग।
06. आदित्य साहू पिता लेखराम साहू उम्र 20 साल निवासी हथौद थाना बालोद जिला बालोद। हाल पता – मीनाक्षी नगर बोरसी जिला दुर्ग।

