CG Crime News: एक करोड़ के जेवरातों की उठाईगिरी, कहीं अंतर्राज्यीय गिरोह का हाथ तो नहीं? CCTV में नकाबपोश युवती चहल-कदमी करती आई नजर

CG Crime News: एक करोड़ के जेवरातों की उठाईगिरी, कहीं अंतर्राज्यीय गिरोह का हाथ तो नहीं? CCTV में नकाबपोश युवती चहल-कदमी करती आई नजर

सरगुजा। 27 जुलाई 2026| उत्तर छत्तीसगढ़ सरगुजा जिले के सीतापुर शहर के सबसे व्यस्त व्यवसायिक क्षेत्र में सराफा व्यवसायी से एक करोड़ रुपये के जेवरात की उठाईगीरी के मामले में चाैंकाने वाली जानकारी सामने आ रही है। पुलिस को इस प्रकरण में अंतर्राज्यीय अपराधियों के शामिल होने का संदेह है, जांच में कुछ इस तरह के इनपुट भी मिल रहा है। सीतापुर-पत्थलगांव क्षेत्र के नट और बादी गिरोह से जुड़े लोग पूर्व के वर्षों में उठाईगीरी, लूट ,स्नेचिंग की घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस की अब तक की जांच में इस घटना में उनके शामिल होने का प्रमाण नहीं मिला है।

रविवार को सीतापुर के राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे बाजार में काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुण सोनी प्रतिदिन की तरह 11.30 बजे अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी स्कूटी में सोने-चांदी के जेवरातों से भरा बैग टंगा छोड़कर शटर खोलना शुरू किया था। तभी घात लगाए बाइक सवार दो उठाईगीर आए थे। एक उठाईगीर ने पलक झपकते ही स्कूटी से एक करोड़ रुपये के आभूषणों से भरा बैग निकाला और दोनों बाइक से फरार हो गए थे। घटना इतनी तेजी के साथ हुई थी कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे। सीसीटीवी में नकाब पहनकर संदिग्ध रूप से चहलकदमी करती एक युवती भी कैद हुई थी। आशंका जताई जा रही थी कि इस घटना में तीन से पांच लोग शामिल हो सकते हैं। दिनदहाड़े वारदात के बाद व्यापारियों में गुस्सा और भय का माहौल बन गया था।

नट गिरोह का हाथ नहीं, फिर कौन?

घटना के बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी कैमरों के फुटेज तलाशे। सीतापुर और उससे लगे पत्थलगांव इलाके में चेन स्नेचिंग और उठाईगीरी जैसी घटनाओं में शामिल नट व बादी लोगों के पुराने इतिहास को देखते हुए पुलिस ने ऐसे संदिग्ध लोगों की तलाशी अभियान चलाया।पूर्व में ऐसी घटनाओं में शामिल सीतापुर-पत्थलगांव क्षेत्र के 14 लोगों की जांच की गई। इन सभी के संबंध में जानकारी जुटाई गई। जो तथ्य सामने आए उससे पता चला कि स्थानीय स्तर पर न तो कोई बदमाश और न ही किसी गिरोह के सदस्य इस घटना में शामिल है।

यूपी की ओर लगी पुलिस की नजर

पुलिस ने कई सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद स्थानीय पुराने बदमाशों से भी पूछताछ की। जांच में इस बात के इनपुट मिल रहे हैं, उत्तर प्रदेश के अपराधियों ने यहां आकर घटना को अंजाम दिया है। इसी आधार पर पुलिस की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद सीतापुर के व्यापारी वर्ग ने चिंता जताई है।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *