CG News: तेज रफ्तार हाईवा ने ली महिला की जान, मौके पर हो गई मौत

CG News: बिलासपुर। बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर रतनपुर थाना क्षेत्र के छोटू ढाबा के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। भरवीडीह निवासी महिमा कोसले (32) नेशनल हाईवे पर सड़क की सफाई और रखरखाव का कार्य कर रही थी। इसी दौरान बिलासपुर की ओर से तेज गति से आ रहे गिट्टी से लदा ट्रेलर अनियंत्रित हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रेलर सड़क पर पलट गया। महिला को संभलने का मौका नहीं मिला और वह ट्रेलर के नीचे दब गई। हादसा इतना भयावह था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
रतनपुर थाने के एसआई विष्णु यादव ने बताया, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
हादसे के बाद हाईवे पर यातायात हुआ प्रभावित
घटना के बाद मौके पर मौजूद मजदूरों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की वजह से बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। कुछ देर बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटे हुए ट्रेलर को सड़क से हटवाया, तब जाकर आवागमन शुरू हो पाया। आधे घंटे बाद स्थिति सामान्य हो पाई।
सड़क पर काम चल रहा था, लेकिन सुरक्षा के नाम पर कुछ नहीं
दर्दनाक हादसे के बाद हाईवे पर काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और श्रमिकों ने निर्माण एजेंसी तथा संबंधित अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जिस स्थान पर सड़क की सफाई और रखरखाव का कार्य चल रहा था, वहां न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे, बैरिकेडिंग की गई थी और ना ही किसी प्रकार के संकेतक लगाए गए थे, जिससे वाहन चालकों को पहले से सतर्क किया जा सके।
जांच के बाद तय होगी जिम्मेदारी
पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद सड़क निर्माण और रखरखाव कार्य कराने वाली एजेंसी की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि हादसा केवल चालक की लापरवाही से हुआ या सुरक्षा इंतजामों की कमी भी इसकी बड़ी वजह बनी।

