CG Education News: बोर्ड परीक्षाओं के नतीजों की सर्जरी हो गई शुरू, जिम्मेदार शिक्षकों पर होगी सीधी कार्रवाई

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News
बिलासपुर। 29 मई 2026| जिले में दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं के नतीजे जिन सरकारी स्कूलों में बहुत खराब आए हैं, उनकी सघन समीक्षा शुरू कर दी गई है। इससे पहले कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी स्कूलों के प्राचार्य को बुला कर सीधी बात कर समीक्षा की थी। उसी बैठक में उन्होंने चेतावनी दी थी कि खराब नतीजे लाने वाले स्कूलों के नतीजों की जांच की जाएगी। अब उनके आदेश पर,पूरे जिले में समीक्षा चल रही है। जिन स्कूलों के नतीजे खराब होंगे उनके प्राचार्य को जिम्मेदार माना जाएगा और साथ ही संबंधित विषय के शिक्षकों पर भी गाज गिर सकती है। कलेक्टर ने साफ चेता दिया है कि आगामी शिक्षा सत्र में पढ़ाई का स्तर सुधारने की तैयारी शिक्षक अभी से कर लें।
80 फीसदी से कम रिजल्ट वाले स्कूलों की मंगाई थी सूची
जिला शिक्ष अधिकारी कार्यालय के माध्यम से उन स्कूलों की सूची मंगाई गई थी, जिनके नतीजे 80 प्रतिशत से कम हैं। इसके अलावा जिन विषयों में बच्चे बड़ी संख्या में फेल हो गए हैं, उनके जिम्मेदार शिक्षकों की भी सूची बनाई गई है। विषयवार परीक्षण किया जा रहा है कि कितने बच्चे फेल हो गए हैं अथवा कितने को कम अंक मिले हैं।
प्राचार्यों को जारी की गई है कारण बताओ नोटिस, इंक्रीमेंट हो सकता है ब्रेक
कलेक्टर की बैठक के बाद ही कक्षा 12वीं के खराब नतीजों के लिए 44 स्कूलों और कक्षा दसवीं के 139 स्कूलों के प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस पहले ही जारी करने का आदेश दिया गया था। खबर है कि अभी नोटिस को रोक कर रखा गया है, इसका कारण यह है कि विस्तार से समीक्षा के बाद ही संबंधित प्राचार्य पर कार्रवाई की जाएगी। इसी के जरिए शिक्षकों को भी नोटिस थमाया जाएगा और समुचित कारण नहीं बता पाने पर वेतनवृद्धि रोकने की भी कार्रवाई हो सकती है।
इन विषयों की हालत चिंताजनक-
बताया गया है कि जिन हाई स्कूलों के नतीजे 80 प्रतिशत से कम हैं, वहां पर गणित और अंग्रेजी विषयों के नतीजे बहुत ही खराब आए हैं। इसमें संबंधित शिक्षकों ने पर्याप्त ध्यान नहीं दिया, जिसकी वजह से बच्चे सफल नहीं हो सके हैं। जबकि हायर सेकेंडरी स्कूलों ेमं भौतिक और रसायन विषयों में बच्चे खरे नहीं उतर सके हैं। जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे का कहना है कि अभी विषयवार समीक्षा चल रही है और उसकी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई तय की जाएगी।

