तेलंगाना से एक करोड़ की इनामी महिला नक्सली सुजाता गिरफ्तार, छत्तीसगढ़ में हुए कई हमलों की है मास्टरमाइंड

तेलंगाना से एक करोड़ की इनामी महिला नक्सली सुजाता गिरफ्तार, छत्तीसगढ़ में हुए कई हमलों की है मास्टरमाइंड

Share

रायपुर, एनपीजी न्यूज। छत्तीसगढ़ में हुए कई नक्सली हमलों की मास्टरमाइंड रह चुकी महिला नक्सली कल्पना उर्फ ​​सुजाता (60 वर्ष) को तेलंगाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस पर 1 करोड़ रुपए का इनाम था।

इलाज कराने हैदराबाद के महबूब नगर आई थी नक्सली सुजाता

वो हैदराबाद के महबूब नगर में इलाज कराने आई थी, इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। नक्सली सुजाता छत्तीसगढ़ के बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा जिलों में 100 से अधिक वारदातों में शामिल रही है।

कई राज्यों की पुलिस ने इनाम कर रखा था घोषित

पुलिस ने बताया कि कल्पना उर्फ सुजाता पर आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में इनाम था। पुलिस ने बताया कि उससे पूछताछ की तैयारी है। उससे नक्सली संगठन से जुड़ी कई बातों का खुलासा होने की उम्मीद है। सुजाता ने खुंखार नक्सली हिडमा को भी ट्रेनिंग दी है। साथ ही कई महिला नक्सली संगठन तैयार किए हैं।

छत्तीसगढ़ पुलिस का आधिकारिक बयान आना बाकी

फिलहाल छत्तीसगढ़ पुलिस ने महिला नक्सली की गिरफ्तारी को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है। सुजाता बस्तर के नक्सली हमलों की मास्टरमाइंड रही है। इनमें से एक हमले में 176 जवान शहीद हो गए थे। सुजाता ने काफी पहले ही बस्तर छोड़ दिया था। इसके बाद से वो तेलंगाना में रह रही ​थी। वह दक्षिण बस्तर डिविजनल प्रभारी समेत कई पदों पर रह चुकी है।

कई भाषाओं की जानकार है महिला नक्सली सुजाता

नक्सली संगठन में सुजाता पद्मा, कल्पना, सुजाता, सुजातक्का, झांसीबाई के नाम से जानी जाती है। बंगाल में उसे मैनीबाई कहा जाता है। वो 12वीं कक्षा तक पढ़ी हुई है। सुजाता इंग्लिश, हिंदी, बंगाली, उड़िया, तेलुगु के साथ-साथ गोंडी, हल्बी बोली भी जानती है।

सुजाता नक्सली नेता कोटेश्वर राव उर्फ ​​किशनजी की पत्नी

सुजाता नक्सली नेता कोटेश्वर राव उर्फ ​​किशनजी की पत्नी है। वो किशनजी के साथ बंगाल से बस्तर आई थी। किशनजी को बंगाल का प्रभार दिए जाने के बाद वह कुछ समय तक बंगाल में ही रही। 2011 में किशनजी के मारे जाने के बाद वो बस्तर आ गई। सुजाता हार्डकोर नक्सली रही है। उसने अपने पति की मौत के बाद भी संगठन नहीं छोड़ा। उसका देवर सोनू सेंट्रल कमेटी का सदस्य है। उसकी पत्नी भी नक्सली नेता है। सुजाता ने ही नक्सली कमांडर माड़वी हिडमा को तैयार किया था।

इन बड़ी वारदातों की मास्टरमाइंड रही है महिला नक्सली सुजाता

जुलाई 2007 में एर्राबोर के उरपलमेटा में CRPF और जिला पुलिस के जवानों पर हमला, जिसमें 23 जवान शहीद हो गए थे। वहीं 6 अप्रैल 2010 को बस्तर के ताड़मेटला में हुए बारूदी सुरंग विस्फोट में 76 जवान शहीद हुए थे। 17 मई 2010 में यात्री बस में सवार हो कर दंतेवाड़ा से सुकमा जा रहे जवानों पर दंतेवाड़ा के गादीरास के पास नक्सलियों ने बारूदी सुरंग लगा कर हमला किया था। इसमें 12 विशेष पुलिस अधिकारी समेत 36 लोग मारे गए थे।

झीरम घाटी नक्सली हमले में भी शामिल थी सुजाता

25 मई 2013 को बस्तर के झीरम घाटी नक्सली हमले में आदिवासी नेता महेंद्र कर्मा, कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नंद कुमार पटेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल समेत 32 लोग मारे गए थे। 24 अप्रैल 2017 को सुकमा जिले के चिंतागुफा के पास नक्सलियों ने घात लगाकर हमला किया। इसमें CRPF के 25 जवान शहीद हुए थे। 21 मार्च 2020 को सुकमा जिले के चिंतागुफा इलाके में DRG और STF जवान सर्चिंग पर थे। कोरजागुड़ा पहाड़ी के पास छिपे नक्सलियों ने चारों ओर से जवानों पर फायरिंग कर दी। इसमें 17 जवान शहीद हो गए थे। 3 अप्रैल 2021 को बीजापुर जिले के टेकुलगुड़ेम में नक्सलियों ने घात लगाकर सुरक्षा बल की संयुक्त पार्टी पर हमला किया। इस हमले में 21 जवान शहीद हुए थे।

Share

The post तेलंगाना से एक करोड़ की इनामी महिला नक्सली सुजाता गिरफ्तार, छत्तीसगढ़ में हुए कई हमलों की है मास्टरमाइंड appeared first on bhadas2media.

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *