CG News: बाइक सवार दंपति को बस ने मारी टक्कर, बाइक से उछलकर पत्नी सड़क पर गिरी और बस के पहिए के नीचे आ गई, इलाज के दौरान अस्पताल में मौत

बिलासपुर। 22 सितंबर 2026| छत्तीसगढ़ बिलासपुर तिफरा के निर्माणाधीन साइट पर मजदूरी करने जा रहे दंपति सड़क हादसे का शिकार हो गए। महाराणा प्रताप चौक के पास पीछे से आ रही बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बाइक असंतुलित होने से पीछे बैठी दुवसिया साहू (35) सड़क पर गिर गई और बस के पहिए की चपेट में आ गई। गंभीर हालत में उसे सिम्स ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर निकल गया।
चिंगराजपारा निवासी फिरन साहू मजदूरी करता है। सुबह करीब 8 बजे पत्नी दुवसिया को बाइक पर बैठाकर तिफरा स्थित निर्माणाधीन साइट पर काम के लिए जा रहा था। महाराणा प्रताप चौक के पास पीछे से आ रही बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से फिरन बाइक समेत एक तरफ गिर गया, दुवसिया सड़क पर गिरी और बस की चपेट में आ गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। इसी दौरान चालक बस लेकर वहां से फरार हो गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
राहगीरों की मदद से फिरन, पत्नी को सिम्स लेकर पहुंचा, डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, गंभीर चोटों और अधिक खून बहने से उनकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस, महाराणा प्रताप चौक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर बस और चालक की तलाश कर रही है।
हर साल तीन से चार मौतें
महाराणा प्रताप चौक और आरओबी पर हर साल 20 से ज्यादा छोटे-बड़े हादसे होते हैं। इनमें 3 से 4 लोगों की मौत भी हो जाती है। 2026 में अब तक 2 लोगों की मौत हो चुकी है ऐसा सिग्नल है, यहां ऐसा सिग्नल लगा है, जहां रेड लाइट होने पर रायपुर की ओर से आने वाले वाहन चालकों को ओवरब्रिज के ढलान पर रुकना पड़ता है। ऐसे में किसी बड़े वाहन का ब्रेक फेल होने पर गंभीर हादसे का खतरा बना रहता है।

