CG 1 करोड़ का गांजा मामले में बड़ी कार्रवाई, रायपुर पुलिस ने ओडिशा में छापा मारकर सप्लायर को धर-दबोचा…

CG: रायपुर। राजधानी रायपुर में 1.20 करोड़ के गांजा तस्करी मामले में थाना तेलीबांधा पुलिस और क्राइम व साइबर की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। गांजा तस्करी करने वाले आरोपी को ओडिशा से धर-दबोचा गया। मामले में अबतक के कुल 5 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। बता दें कि पूर्व में गिरफ्तार गुल्लू उर्फ़ देवेंद्र साहू, मोहम्मद आकिब की पुलिस ने दो दिनों की रिमांड ली है। दोनों आरोपियों से पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है। जाँच में पता चला है कि दोनों के तार नागपुर तक जुड़े है।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, 4 अगस्त को एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट, नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स व थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा थाना तेलीबांधा के लाभाण्डी स्थित अग्रसेन धाम के पास आरोपी मोहम्मद लाल, मोहम्मद रूस्तम, मोहम्मद आकिब, मोहसिन खान को गिरफ्तार कर 191.525 किलोग्राम गांजा, 6 चक्का अशोक लीलैण्ड ईको मेन ट्रक और लोड हैवी मशीन जब्त किया गया था। साथ ही आरोपियों के खिलाफ थाना तेलीबांधा में धारा 20बी नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क में इंड-टू-इंड जाँच की गई। गिरफ्तार आरोपियों से गांजा की सप्लाई के स्रोत व गांजा उपलब्ध कराने वाले व्यक्तियों और तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ की गई। इस दौरान संलिप्त आरोपी ओडिशा निवासी देवेंद्र साहू उर्फ गुल्लू साहू के संबंध में जानकारी मिली।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी देवेंद्र के संबंध में जानकारी जुटाते हुए उसे सोनपुर ओडिशा में लोकेट किया गया। टीम तत्काल सोनपुर रवाना हुई और आरोपी के ठिकाने पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को ट्रांजिट रिमाण्ड पर रायपुर लाया गया।
आरोपी गांजा का बड़ा सप्लायर है और पूर्व में नारकोटिक एक्ट के प्रकरणों में दो बार ओडिशा जेल निरुद्ध रह चुका है। इसके अलावा सोनपुर के एक अन्य मामले में आरोपी अग्रिम जमानत पर है।
आरोपी का पुलिस रिमाण्ड प्राप्त कर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान गांजा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों, गांजा की सप्लाई के स्रोत व इसके वितरण के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। प्रकरण में इंड-टू-इंड कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
देवेंद्र साहू उर्फ गुल्लू साहू पिता शंकर सन साहू उम्र 51 साल पता बूरोमुंडा थाना सोनपुर जिला सुवर्णपुर (ओडिशा)।

