CG: 30 स्पा सेंटरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, पुलिस को अचानक देख मैनेजर और स्टाफ में मचा हड़कंप, आपत्तिजनक सामान जब्त, देखें वीडियो…

रायपुर। राजधानी रायपुर के 30 स्पा सेंटरों पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस की 15 टीमों ने अचानक छापेमारी की। पुलिस को स्पा सेंटर में देख वहां मौजूद संचालक और मैनेजरों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने इस दौरान ग्राहकों के रजिस्टर, सीसीटीवी, स्टाफ रजिस्टर समेत अन्य दस्तावेजों की जांच की। साथ ही सख्त चेतावनी भी दी।
पुलिस की 15 टीमों ने 100 से अधिक कर्मचारी
दरअसल, शहर में संचालित विभिन्न स्पा सेंटरों की जांच करने के उद्देश्य से आज पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के 30 अलग-अलग स्पा सेंटरों में एक साथ जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के लिए पुलिस की 15 टीमों का गठन किया गया, जिसमें राजपत्रित अधिकारियों सहित 100 से अधिक पुलिस अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।
वेस्ट जोन DCP रॉबिन्सन गुरिया, सेंट्रल जोन DCP तारकेश्वर पटेल व DCP नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देश में तीनों जोन में कार्रवाई की गई। ACP स्नेहिल साहू, नंदिनी ठाकुर व पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों द्वारा उक्त जांच कार्रवाई की गई।
स्टाफ रजिस्टर, CCTV की जाँच
जांच के दौरान पुलिस टीमों द्वारा स्पा सेंटरों के ग्राहकों के रजिस्टर, CCTV कैमरों की उपलब्धता एवं रिकॉर्डिंग की क्षमता, संचालक, मैनेजर एवं कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन, कर्मचारियों की आयु संबंधी दस्तावेज व स्टाफ रजिस्टर सहित आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई।
इसके साथ ही स्पा सेंटरों में किसी प्रकार की प्रतिबंधित अथवा संदिग्ध गतिविधि, परिसर की व्यवस्था, लीज/किराया एवं स्वामित्व संबंधी दस्तावेज एवं अन्य आवश्यक अनुमतियों की भी जांच की गई।
2 स्पा सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं
जांच के दौरान 2 स्पा सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं पाए जाने पर संबंधित मैनेजर एवं कर्मचारियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। इनमें थाना डीडी नगर क्षेत्र अंतर्गत एलिना स्पा सेंटर तथा थाना पंडरी क्षेत्र अंतर्गत अंबुजा मॉल में संचालित ला थाई स्पा सेंटर शामिल हैं। दोनों स्पा सेंटरों के मैनेजर एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा स्पा सेंटरों की जांच एवं लगातार निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालक, मैनेजर एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

