Raigarh News:पत्नी की हत्या, दोनों ने मिलकर पी शराब, फिर नशे में बेसुध पत्नी को बेरहमी से मार डाला, गिरफ्तारी से बचने तमिलनाडु पहुंचा

रायगढ़। जिले की पुलिस ने “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत पत्नी की हत्या कर करीब चार माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की को फरार आरोपी के गांव आने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा को गिरफ्तार किया। आरोपी घटना के बाद से तमिलनाडु में फरारी काट रहा था।
हत्या के बाद फरार हो गया था आरोपी
मालूम हो कि थाना कापू में धारा 194 बीएनएसएस के तहत मृतिका ननकी बाई पहाड़ी कोरवा पति कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा 30 वर्ष निवासी गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा की मृत्यु के संबंध में मर्ग जांच की जा रही थी।
4 जून को घटना को लेकर मर्ग इंटिमेशन दर्ज किया गया, मर्ग जांच के दौरान मृतिका के पिता जीतन राम पहाड़ी कोरवा सहित प्रत्यक्षदर्शी एवं अन्य गवाहों के कथन लिए गए। गवाहों द्वारा बताया गया कि 3 जून को मृतिका का पति आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा अपनी पत्नी के साथ मारपीट करते हुए इंचपारा से गुड़ाआमा की ओर ले जा रहा था। गाड़ा घुटरा जंगल-पहाड़ी रास्ते के पास आरोपी द्वारा मृतिका के साथ हाथ-मुक्का, डंडा एवं पत्थर से मारपीट की गई, जिससे उसके सिर, गाल, चेहरे, आंख, पीठ, जांघ एवं कोहनी में गंभीर चोटें आईं और उसकी मृत्यु हो गई।
तत्कालीन थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव ने मृतिका के शव का पंचनामा पश्चात पोस्टमार्टम हेतु सीएचसी कापू भेजा गया। प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक द्वारा मृतिका की मृत्यु को हत्या होना लेख किया गया।
मर्ग जांच में आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा के विरुद्ध अपराध घटित करना पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध थाना कापू में धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जाँच में लिया गया। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार था तथा उसके तमिलनाडु में होने की जानकारी पुलिस को मिल रही थी।
ऐसे पकड़ाया आरोपी
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले के फरार आरोपियों व फरार वारंटियों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की को सूचना मिली कि हत्या का फरार आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा अपने गांव गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा आया हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पत्नी की हत्या
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना दिनांक को वह अपनी पत्नी ननकी बाई के साथ चावल खरीदने ग्राम घोघरा बाजार गया था। रास्ते में दोनों ने शराब का सेवन किया था। वापस घर आते समय गाड़ा घुटरा जंगल-पहाड़ी रास्ते के पास उसकी पत्नी नशे की हालत में रास्ते में सो गई।
आरोपी के अनुसार घर चलने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पत्नी के साथ हाथ-मुक्का एवं वहीं से लकड़ी डंडा उठाकर मारपीट की तथा पास पड़े पत्थर से उसके सिर पर बार-बार वार कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
आरोपी ने बताया कि घटना के बाद गिरफ्तारी के भय से वह तमिलनाडु फरार हो गया था तथा पुलिस से बचने के लिए मोबाइल फोन का उपयोग नहीं कर रहा था। आरोपी के पास आधार कार्ड भी नहीं है।
आरोपी की निशानदेही पर पत्थर व डंडा बरामद
कापू पुलिस द्वारा आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया गया। आरोपी की निशानदेही पर अपराध में प्रयुक्त पत्थर एवं डंडा बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा पिता धनयुराम पहाड़ी 29 वर्ष, निवासी गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा, थाना कापू, जिला रायगढ़ ।
जब्ती
घटना में प्रयुक्त पत्थर एवं डंडा ।

