CG News: स्कूल शिक्षा सचिव ने प्रदेशभर के कलेक्टर्स को लिखी चिट्ठी, पढ़िए डॉ सिंह का कलेक्टर के नाम पत्र…

CG News: रायपुर। स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने प्रदेशभर के कलेक्टर्स को पत्र लिखकर सितंबर महीने में आयोजित होने वाली महापरीक्षा अभियान को सफल बनाने के मद्देनजर जरुरी तैयारियों पर ध्यान देने और फोकस करने की बात कही हे। इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार पर जोर दिया है।
उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत सितंबर 2026 में महापरीक्षा का आयोजन किया जाना है। इसकी तैयारी और व्यापक प्रचार प्रसार को लेकर स्कूल शिक्षा सचिव डॉ कमलप्रीत सिंह ने प्रदेशभर के कलेक्टर को पत्र लिखा है।
पढ़िए स्कूल शिक्षा सचिव ने क्या लिखा है?
भारत सरकार द्वारा उल्लास नव भारत साक्षरता राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार प्रारंभ किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य 15 वर्ष और उससे अधिक उम्र के वयस्कों को सशक्त बनाना है जिन्होंने स्कूली शिक्षा प्राप्त नहीं किया है। इस कार्यक्रम के प्रथम चरण में असाक्षरों की पहचान हेतु सघन रूप से युद्ध स्तर पर घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया जाना है। इस संबंध में विस्तृत रूप से मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा अपने अर्द्धशासकीय पत्र 20 मई 2026 को जारी किया गया है। अभी भी कुछ ग्राम, वार्डों में सर्वेक्षण का कार्य पूरा नहीं हुआ है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वर्ष 2026 में छत्तीसगढ़ राज्य को शत-प्रतिशत साक्षर किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
इन कार्यों पर दिया जोर
प्रत्येक ग्राम, पारा, टोला, मोहल्ला में ग्राम प्रभारी, वार्ड प्रभारी के नेतृत्व में 10-15 सदस्यीय टीम का गठन करें जिसमें कक्षा 9 वीं से 12 वीं तक के विद्यार्थी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एनएसएस, एनसीसी एवं संबंधित ग्राम/पारा/टोला/मोहल्ला के युवक, युवती एवं अन्य शसकीय एवं अशासकीय सदस्य हो।
सर्वेक्षक एवं स्वयंसेवी शिक्षकों का चयन करते समय पारा/टोला/मोहल्ला के 5-10 असाक्षरों के लिए एक साक्षरता केन्द्र का चिन्हांकन किया जाए यथासंभव विद्यालय को इस कार्य के लिए चिन्हांकित करें।
सभी पंजीकृत शिक्षार्थियों एवं स्वयंसेवी शिक्षकों का विवरण 15 सितम्बर 2026 तक उल्लास मोबाइल एप के माध्यम से उल्लास पोर्टल में अपलोड अनिवार्य रूप से कराना सुनिश्चित करें।
माह मार्च में आयोजित महापरीक्षा अभियान के ऐसे शिक्षार्थी जिन्होने उत्तीर्ण नहीं किया है उन्हे भी सम्मिलित करें।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा कक्षा 9 वीं से 12 वीं तक के विद्यार्थियों को 10 शिक्षार्थी को सफल करने पर 10 बोनस अंक दिए जाने का प्रावधान रखा गया है। इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करें।
प्रत्येक शिक्षार्थी को उल्लास साक्षरता केन्द्र में पठन-पाठन पश्चात् महापरीक्षा अभियान में सम्मिलित कराकर इन्हे सफल बनाएं जाने हेतु पंचायती राज संस्थाओं, स्थानीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, राष्ट्रीय आजीविका मिशन के स्वसहायता समूह के सदस्यों, हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी एवं एनसीसी, एनएसएस के विद्यार्थियों को जिम्मेदारी दी जा सकती है।
कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु विभिन्न सोशल टवीटर. इंस्टाग्राम. वाट्सएप, यूट्यूब्. टीवी. एवं रेडियो मीडिया जैसे फेसबुक, चैनल एवं पोडकास्ट जैसे विभिन्न प्लेटफार्म का उपयोग किया जा सकता है। भारत सरकार द्वारा देशव्यापी साक्षरता पखवाड़ा एवं अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस 1-15 सितम्बर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इसमें भी इस कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं।
आगामी महापरीक्षा अभियान सितम्बर माह के अंतिम सप्ताह में आयोजित किया जा रहा है। इसमें चिन्हांकित सभी असाक्षरों को सम्मिलित कराएं। यह भी ध्यान रखे कि असाक्षरों की सुविधानुसार कक्षा का संचालन निरंतर किया जाए। इस कार्यक्रम की मॉनिटरिंग हेतु जिला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मॉनिटरिंग किए जाने के निर्देश दिया जा सकता है। जिलावार सर्वेक्षित असाक्षरों की संख्या इस पत्र के साथ संलग्न है। इसकी समीक्षा निरंतर समय सीमा की बैठक में भी करें।

