प्रशासन पहुँचा जनता के द्वार : जवाड़ी में जन–जन की सरकार, जन जन के द्वार कार्यक्रम के तहत 40 शिकायतों पर हुई कार्रवाई मौके पर ही हुआ निस्तारण

*प्रशासन पहुँचा जनता के द्वार : जवाड़ी में जन–जन की सरकार, जन जन के द्वार कार्यक्रम के तहत 40 शिकायतों पर हुई कार्रवाई मौके पर ही हुआ निस्तारण*

जिला अधिकारी प्रतीक जैन के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जनपद रुद्रप्रयाग के राजकीय इंटर कॉलेज जवाड़ी में जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रम का व्यापक स्तर पर आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी ने की। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रह रहे लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया और अपनी विभिन्न समस्याएं, शिकायतें एवं मांगें उपजिलाधिकारी के समक्ष रखीं। शिविर के दौरान कुल 40 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण कर उसकी आख्या समयबद्ध रूप से उन्हें प्रेषित की जाए।

उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी ने कहा कि जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रम का उद्देश्य शासन और जनता के बीच की दूरी को कम करना है, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने सूचना एवं सेवा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, लाभकारी कार्यक्रमों एवं सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। ग्रामीणों ने योजनाओं से संबंधित जानकारी लेकर उन्हें अपनाने में रुचि भी दिखाई।

इस अवसर पर विभिन्न विभागीय अधिकारियों -कर्मचारियों सहित स्थानीय जन प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *